• स्कूटर तीन वेरिएंट में उपलब्ध होगा, जिनकी कीमत 89,999 रुपये, 94,999 रुपये और 99,999 रुपये होगी
• स्कूटर में तीन राइडिंग मोड, मार्च तक 5,000 स्कूटर बेचने का कंपनी का लक्ष्य
पेट्रोल से चलने वाले स्कूटरों की छुट्टी करने आया e-Sprinto G1!
भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में e-Sprinto ने अब आम ग्राहकों और परिवारों को ध्यान में रखकर कदम बढ़ाया है। कंपनी ने अपना नया G1 फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश किया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹89,999 है। स्कूटर तीन वेरिएंट में उपलब्ध होगा, जिनकी कीमत ₹89,999, ₹94,999 और ₹99,999 रखी गई है। कंपनी के मुताबिक, इसकी ग्राहक डिलीवरी 1 जनवरी 2027 से शुरू होगी। e-Sprinto का लक्ष्य मार्च 2027 तक G1 की 5,000 यूनिट बेचने का है। इसके साथ ही कंपनी FY28 तक अपना डीलरशिप नेटवर्क बढ़ाकर करीब 150 आउटलेट तक पहुंचाना चाहती है।
e-Sprinto G1 को अलग-अलग जरूरतों और बजट वाले ग्राहकों के लिए तीन बैटरी विकल्पों के साथ पेश किया गया है।e-Sprinto G1 के बेस वेरिएंट में 2 kWh की बैटरी दी गई है, जिसकी दावा की गई रेंज 80 किलोमीटर तक है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹89,999 है। वहीं, मिड वेरिएंट में 2.5 kWh की बैटरी मिलती है, जो एक बार चार्ज करने पर 100 किलोमीटर तक चल सकती है। इसकी कीमत ₹94,999 रखी गई है। टॉप वेरिएंट में 3 kWh की बैटरी दी गई है, जो 130 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करती है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹99,999 है। सभी कीमतें एक्स-शोरूम दिल्ली की हैं। स्कूटर में Eco, City और Sport समेत तीन राइडिंग मोड मिलते हैं। इनकी अधिकतम रफ्तार क्रमशः 30 किमी प्रति घंटा, 40 किमी प्रति घंटा और 50 किमी प्रति घंटा है। कंपनी ने इसे करीब दो साल के रिसर्च और डेवलपमेंट के बाद तैयार किया है।
G1 में फिक्स्ड बैटरी, 12 इंच के बड़े टायर और परिवारों के अनुकूल सीटिंग दी गई है। इसके जरिए कंपनी उन ग्राहकों तक पहुंचना चाहती है, जिन्हें रोजाना ऑफिस आने-जाने, बाजार जाने और शहर के भीतर छोटे सफर के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटर चाहिए।
2022 में स्थापित e-Sprinto अब तक मुख्य रूप से व्यावसायिक और फ्लीट ग्राहकों को इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन उपलब्ध कराती रही है। कंपनी के अनुसार, उसके 70,000 से अधिक वाहन भारतीय सड़कों पर हैं। उसके पास तीन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं, जिनकी कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता 1.5 लाख यूनिट बताई गई है।
e-Sprinto हर महीने करीब 10 नए डीलर जोड़ने की योजना बना रही है। शुरुआत उत्तरी भारत से होगी, जिसके बाद पश्चिमी और दक्षिणी बाजारों में विस्तार किया जाएगा। पूर्वी भारत में प्रवेश बाद के चरण में प्रस्तावित है।
e-Sprinto G1 के जरिए कंपनी कम कीमत वाले फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में अपनी पहचान मजबूत करना चाहती है।
