धुरंधर के “हमजा” रणवीर सिंह ने खरीदी 1.95 करोड़ रुपये से महंगी BMW i7

धुरंधर के “हमजा” रणवीर सिंह ने खरीदी 1.95 करोड़ रुपये से महंगी BMW i7

• 728 किमी तक रेंज वाली लग्जरी कार 5.5 सेकंड में पकड़ती है 100 की रफ्तार

• Hummer EV के बाद सुपरस्टार के गैराज में आई दूसरी इलेक्ट्रिक कार!

• 455hp की पावर, 728 किमी तक रेंज और पीछे बैठने वालों के लिए 31.3 इंच की स्क्रीन

• Lamborghini Urus से Hummer EV के बाद अब BMW i7 भी रणवीर सिंह के शानदार कार कलेक्शन में शामिल, इलेक्ट्रिक पावर और करोड़ों की लग्जरी का मेल

बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह ने अपनी लग्जरी कारों के कलेक्शन में एक और शानदार इलेक्ट्रिक कार शामिल कर ली है। अभिनेता ने नई BMW i7 लग्जरी इलेक्ट्रिक सेडान की डिलीवरी ली है, जिसकी शुरुआती कीमत ₹1.95 करोड़ से ज्यादा (एक्स-शोरूम) बताई गई है। सोशल मीडिया पर सामने आए विडियो में रणवीर नई कार चलाते नजर आए। इसके साथ उनके काफिले में Toyota Fortuner और पहले से मौजूद GMC Hummer EV जैसी दमदार गाड़ियां भी दिखाई दीं। Hummer EV के बाद BMW i7 उनके कार कलेक्शन की दूसरी इलेक्ट्रिक कार बताई जा रही है। BMW i7 की सबसे बड़ी खूबियों में 112.5kWh की बैटरी, वेरिएंट के आधार पर 686 से 728 किलोमीटर तक की दावा की गई WLTP रेंज और पीछे बैठने वालों के लिए 31.3 इंच की बड़ी एंटरटेनमेंट स्क्रीन शामिल हैं।

BMW ने हाल ही में भारतीय बाजार में नई 7 Series को पेट्रोल-डीजल जैसे पारंपरिक इंजन और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के विकल्पों के साथ पेश किया था। इसी दौरान कंपनी ने रणवीर सिंह को अपना नया ब्रांड एंबेसडर भी बनाया।

BMW i7 के 50 xDrive M Sport वेरिएंट में दो इलेक्ट्रिक मोटरों वाला ऑल-व्हील-ड्राइव सेटअप मिलता है। यह कार 5.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 210 किलोमीटर प्रति घंटा है। इस वेरिएंट में 112.5kWh की बैटरी दी गई है। इसकी दावा की गई रेंज WLTP टेस्ट साइकिल के अनुसार 728 किलोमीटर तक है।

BMW i7 के ज्यादा परफॉर्मेंस-केंद्रित M70 xDrive वेरिएंट में 680hp की पावर और Sport मोड में 1,015Nm का टॉर्क मिलता है। Sport Boost इस्तेमाल करने पर टॉर्क 1,100Nm तक पहुंच सकता है। कंपनी के मुताबिक, यह वेरिएंट महज 3.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है। इसकी टॉप स्पीड 250 किलोमीटर प्रति घंटा और दावा की गई WLTP रेंज 686 किलोमीटर है।

BMW i7 का केबिन इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक है। इसमें विंडस्क्रीन के निचले हिस्से में BMW Panoramic Vision डिस्प्ले दिया गया है। सेंटर में 17.9 इंच की टचस्क्रीन और आगे बैठे यात्री के लिए अलग 14.6 इंच की स्क्रीन मिलती है।

पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए 31.3 इंच की बड़ी एंटरटेनमेंट स्क्रीन दी गई है। पावर्ड सीटों और ओटोमन जैसे फीचर्स के साथ हीटिंग, वेंटिलेशन और मसाज की सुविधा मिलती है। एडवांस्ड ड्राइवर-असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) भी इसके फीचर्स में शामिल हैं। रणवीर सिंह के कार कलेक्शन में पहले से GMC Hummer EV जैसी विशाल इलेक्ट्रिक गाड़ी शामिल है।