• Jio ने हटाई डेली लिमिट, 2.5GB डेली डेटा की सीमा खत्म, Jio के चुनिंदा प्लान हुए अनलिमिटेड
यूजर्स को मिलेगा अनलिमिटेड इंटरनेट का मजा, Jio ने लॉन्च किए ₹15 और ₹25 के डेटा ऐड-ऑन पैक
• Jio के सालाना प्लान में Canva Pro Lite, JioHotstar और 50GB क्लाउड स्टोरेज भी
Jio लाया ₹50 का Night Data Pack, 26 नवंबर से होगा उपलब्ध
मोबाइल इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों के लिए Reliance Jio एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। कंपनी 24 नवंबर से चुनिंदा प्रीपेड रिचार्ज प्लान में डेली डेटा लिमिट खत्म करने जा रही है। इसके तहत ₹399 और ₹3,999 वाले प्लान में अब यूजर्स बिना रोजाना डेटा सीमा की चिंता किए इंटरनेट इस्तेमाल कर सकेंगे। यह बदलाव Jio के Happy New Year ऑफर के तहत किया जा रहा है।
कंपनी के मुताबिक, इन दोनों प्लान में अभी मिलने वाली 2.5GB प्रतिदिन डेटा की सीमा हटा दी जाएगी। ₹399 वाले प्लान की वैलिडिटी 28 दिन, जबकि ₹3,999 वाले प्लान की वैलिडिटी 365 दिन होगी। नए ऑफर के तहत यूजर्स को अनलिमिटेड डेटा का फायदा मिलेगा। इसमें डाउनलोड की सीमा, डेटा इस्तेमाल पर रोक या स्पीड कम करने जैसी शर्तें नहीं होंगी।
Jio ने कम अवधि के लिए इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए भी नए ऐड-ऑन पैक पेश किए हैं। ₹15 का पैक पहले से उपलब्ध है, जबकि ₹25 वाला पैक 24 नवंबर से शुरू होगा। ₹15 के पैक में एक दिन और ₹25 के पैक में दो दिन की वैलिडिटी मिलेगी। इन पैक में भी अनलिमिटेड डेटा का लाभ दिया जाएगा।
₹3,999 वाले सालाना प्लान में केवल इंटरनेट ही नहीं, बल्कि कई अतिरिक्त सुविधाएं भी शामिल हैं। इसमें 12 महीने का Canva Pro Lite सब्सक्रिप्शन, JioHotstar Mobile और Hollywood कंटेंट का एक्सेस, JioTV के जरिए FanCode सब्सक्रिप्शन और JioAICloud पर 50GB क्लाउड स्टोरेज मिलेगा। मौजूदा Jio ग्राहक भी इन नए प्लान का लाभ उठा सकेंगे। हालांकि, उनके नए फायदे मौजूदा रिचार्ज की वैलिडिटी समाप्त होने के बाद लागू होंगे।
Jio 26 नवंबर से ₹50 का Night Data Pack भी पेश करेगी। यह पैक कंपनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑफलाइन रिटेल नेटवर्क के जरिए उपलब्ध होगा। नए ऑफर MyJio ऐप, Jio.com, Jio स्टोर और देशभर के रिटेलर्स के माध्यम से रिचार्ज किए जा सकेंगे। Jio के इस कदम से ज्यादा डेटा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
