2.99 लाख रुपये में Nvidia RTX Spark AI PC भारत में लॉन्च

2.99 लाख रुपये में Nvidia RTX Spark AI PC भारत में लॉन्च

• AI का पावरहाउस बनेगा नया RTX Spark, 8K विडियो और AI मॉडल चलाने की ताकत

• 128GB मेमोरी और 1 पेटाफ्लॉप AI क्षमता, Nvidia का नया कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म

• बिना क्लाउड के चलेंगे AI मॉडल, Asus से Dell तक, पांच बड़े ब्रांड लाए Nvidia RTX Spark वाले कंप्यूटर

• 15fps वीडियो को 60fps में बदलेगा AI, Nvidia RTX Spark में मिलेंगे नए फीचर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच Nvidia ने भारत में RTX Spark प्लेटफॉर्म पेश किया है। यह AI आधारित कंप्यूटरों की नई श्रेणी है, जिसे खासतौर पर AI मॉडल चलाने, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, वीडियो एडिटिंग, 3D डिजाइन और गेमिंग जैसे भारी कामों के लिए तैयार किया गया है। RTX Spark Experience इवेंट में Asus, Dell, HP, Lenovo और MSI ने इस प्लेटफॉर्म पर आधारित लैपटॉप और कॉम्पैक्ट डेस्कटॉप दिखाए। इन लैपटॉप की शुरुआती कीमत 2.99 लाख रुपये बताई गई है।

Nvidia का दावा है कि RTX Spark कंप्यूटर पतले और हल्के डिजाइन में दमदार प्रोसेसिंग क्षमता उपलब्ध कराते हैं। कंपनी का फोकस ऐसे कंप्यूटरों पर है, जिनमें AI से जुड़े काम इंटरनेट या क्लाउड पर निर्भर हुए बिना सीधे डिवाइस पर किए जा सकें।

RTX Spark में AI एजेंट चलाने के लिए आसान सेटअप टूल दिए गए हैं। यूजर बिना कमांड लाइन के GitHub Copilot, Hermes, OpenClaw, Perplexity, Pi और WorkBuddy जैसे AI एजेंट इंस्टॉल कर सकते हैं। इससे डेवलपर्स और प्रोफेशनल्स को AI टूल इस्तेमाल करना आसान होगा।

RTX Spark प्लेटफॉर्म Nvidia Blackwell RTX GPU और Nvidia Grace CPU को एक साथ जोड़ता है। इसके CPU डिजाइन में MediaTek ने भी सहयोग किया है। इसमें 128GB तक यूनिफाइड मेमोरी और 1 पेटाफ्लॉप तक FP4 AI प्रोसेसिंग क्षमता का दावा किया गया है।

Nvidia के मुताबिक, इन कंप्यूटरों पर 8K 4:2:2 वीडियो एडिटिंग और 90GB तक के 3D सीन रेंडरिंग जैसे काम बैटरी पर भी किए जा सकते हैं। Adobe अपने Photoshop, Premiere और Substance 3D में AI फीचर्स के लिए TensorRT एक्सेलरेशन उपलब्ध करा रहा है।

ComfyUI में नए RTX Video नोड्स की मदद से AI वीडियो को 15fps से 60fps तक बदला जा सकता है। साथ ही वीडियो को HDR में भी कन्वर्ट किया जा सकेगा। Nvidia के अनुसार, इन कामों के लिए हर बार क्लाउड पर निर्भर रहने या अतिरिक्त इस्तेमाल शुल्क देने की जरूरत नहीं होगी।

Dell XPS 16 Creator Edition की बिक्री 20 नवंबर से शुरू हो रही है। HP ने 24 नवंबर से प्री-बुकिंग शुरू करने की घोषणा की है, जबकि Gigabyte AI TOP Aero दिसंबर में बाजार में आएगा। आने वाले महीनों में RTX Spark आधारित कंप्यूटरों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।