• 4.6 करोड़ रुपये में आपके घर आएगा रफ्तार का बेमिसाल तूफान
• मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु के स्पेशल शोरूम में दिखेगी लग्जरी सुपरकार
• V8 इंजन से 320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी
लग्जरी कारों की दुनिया में Ferrari ने भारत में अपनी नई सुपरकार Ferrari Amalfi Spider को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसके भारतीय बाजार में आगमन को खास बनाने के लिए मुंबई, नई दिल्ली और बेंगलुरु में तीन शहरों का विशेष शोकेस आयोजित किया है। इस दमदार V8 2+ कन्वर्टिबल स्पोर्ट्स कार की शुरुआती कीमत 4.6 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम, ऑप्शन के बिना) रखी गई है। यह इसके कूपे वर्जन से करीब 52 लाख रुपये महंगी है।
Ferrari Amalfi Spider की पहली झलक मुंबई स्थित कंपनी के आधिकारिक डीलर नवनीत मोटर्स के शो रूम में दिखेगी। दिल्ली और बेंगलुरु में इसे सेलेक्ट मोटर्स के जरिए ग्राहकों के सामने पेश किया जाएगा।
Amalfi Spider में वही पावरफुल आर्किटेक्चर दिया गया है जो इसके कूपे मॉडल में मिलता है। इसमें 3.9 लीटर ट्विन-टर्बोचार्ज्ड V8 इंजन लगाया गया है, जो 640 bhp की पावर और 760 Nm का टॉर्क पैदा करता है। यह सुपरकार महज 3.3 सेकंड में 0 से 100 km/h की रफ्तार पकड़ सकती है, जबकि इसकी अधिकतम स्पीड 320 km/h है। इंजन को 8-स्पीड डुअल-क्लच ट्रांसमिशन (DCT) के साथ जोड़ा गया है।
13.5 सेकंड में खुल जाएगा रूफ
Amalfi Spider की सबसे बड़ी खासियत इसका इलेक्ट्रिक सॉफ्ट टॉप रूफ है। यह चार अलग-अलग रंगों में उपलब्ध होगा। कंपनी के अनुसार, यह रूफ सिर्फ 13.5 सेकंड में खुल और बंद हो सकता है। खास बात यह है कि इसे 60 km/h तक की स्पीड पर भी ऑपरेट किया जा सकता है।
FERRARI ने इस सुपरकार में लग्जरी के साथ हाईटेक फीचर्स भी दिए हैं। इसमें वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल समेत कई आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
