0 Alpha पर बेस्ड नई SUV से उठेगा पर्दा, दमदार डिजाइन और हाईटेक फीचर्स पर रहेंगी नजरें
Honda 0 Alpha EV: फ्यूचरिस्टिक डिजाइन, शानदार स्पेस और नई टेक्नोलॉजी के साथ आएगी
जापानी वाहन निर्माता Honda भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है। कंपनी अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV को भारत में 2 दिसंबर को लॉन्च करेगी। यह SUV Honda 0 Alpha कॉन्सेप्ट पर आधारित होगी। कंपनी इसे भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर विकसित कर रही है। खास बात यह है कि इस इलेक्ट्रिक SUV का उत्पादन भारत में किया जाएगा। कंपनी घरेलू बाजार में बिक्री के साथ विदेशों में भी इसका निर्यात करने की योजना बना रही है।
Honda की यह नई इलेक्ट्रिक SUV ऐसे समय में दस्तक देने जा रही है, जब भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक कारों की मांग बढ़ रही है। Hyundai, Tata Motors और Mahindra जैसी कंपनियां पहले से ही इस सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही हैं। ऐसे में Honda की नई SUV से मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।
Honda ने पहली बार अक्टूबर 2025 में जापान मोबिलिटी शो में 0 Alpha कॉन्सेप्ट को पेश किया था। इसके बाद कंपनी ने भारत में इस SUV के प्रोटोटाइप की टेस्टिंग शुरू की। मार्च 2026 से इसकी देशभर की अलग-अलग सड़कों पर टेस्टिंग की जा रही है।
प्रोडक्शन मॉडल में कॉन्सेप्ट के कई डिजाइन एलिमेंट देखने को मिलेंगे। इसमें ऊंची रूफलाइन, चौड़ा ग्लास एरिया, स्क्वॉयर व्हील आर्च और एयरोडायनामिक डिजाइन वाले अलॉय व्हील मिल सकते हैं। इसके फ्रंट में बंद ग्रिल जैसी डिजाइन, आकर्षक लाइटिंग और दमदार बंपर मिलने की संभावना है। हालांकि, प्रोडक्शन मॉडल का अंतिम डिजाइन अभी सामने नहीं आया है।
नई इलेक्ट्रिक SUV का इंटीरियर अभी आधिकारिक तौर पर पेश नहीं किया गया है। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों से इसमें बड़ी हॉरिजॉन्टल टचस्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले और मल्टीफंक्शन स्टीयरिंग व्हील मिलने के संकेत मिले हैं।
कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, आधुनिक इंफोटेनमेंट सिस्टम और एडवांस सेफ्टी फीचर्स मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि लॉन्च के समय ही होगी।
Honda ने फिलहाल इस इलेक्ट्रिक SUV की बैटरी क्षमता, मोटर की पावर, ड्राइविंग रेंज और चार्जिंग स्पीड का खुलासा नहीं किया है।
Honda की योजना इस SUV का भारत में स्थानीय स्तर पर उत्पादन करने की है। इससे कंपनी को लागत नियंत्रित रखने और भारतीय बाजार में प्रतिस्पर्धी कीमत तय करने में मदद मिल सकती है। भारत को इस मॉडल के लिए एक अहम मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट सेंटर बनाने की भी योजना है। Honda की नई SUV का मुकाबला Hyundai Creta Electric, Mahindra BE 6 और आने वाली Tata Sierra EV जैसी गाड़ियों से हो सकता है।
