• MAHINDRA की नई CNG SUV की एंट्री, 200Nm टॉर्क
• पेट्रोल-डीजल का खर्च होगा कम, टर्बो इंजन वाली CNG SUVमें मिलेंगे 6 एयरबैग
4 वेरिएंट में होगी बिक्री. CNG SUV में टर्बो का तड़का! 114hp की पावर
• बूट स्पेस की टेंशन खत्म! Mahindra XUV 3XO CNG में मिला ट्विन-सिलेंडर सेटअप
₹12.27 लाख तक है कीमत, Mahindra XUV 3XO ZNG में टर्बो इंजन और CNG का कॉम्बिनेशन
MAHINDRA ने अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट SUV XUV 3XO का CNG मॉडल लॉन्च कर दिया है। Mahindra XUV 3XO ZNG नाम से आई इस नई SUV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये है। कंपनी ने इसे उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया है, जो SUV का स्टाइल, दमदार परफॉर्मेंस और कम खर्च में ड्राइविंग का मजा चाहते हैं। पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक विकल्पों के बाद अब XUV 3XO रेंज में CNG का विकल्प भी जुड़ गया है।
इस SUV की सबसे बड़ी खासियत इसका ट्विन-सिलेंडर CNG सेटअप है। इसमें दोनों CNG सिलेंडर बूट फ्लोर के नीचे लगाए गए हैं। इससे सामान रखने के लिए ऊपर की जगह इस्तेमाल की जा सकती है। आमतौर पर CNG कारों में सिलेंडर के कारण बूट स्पेस कम हो जाता है।
Mahindra XUV 3XO ZNG को चार वेरिएंट में पेश किया गया है। MX Edge ZNG की कीमत 9.99 लाख रुपये है। REVX Edge (O) ZNG के लिए 10.79 लाख रुपये खर्च करने होंगे। वहीं, AX5 ZNG की कीमत 11.19 लाख रुपये और टॉप वेरिएंट REVX A ZNG की कीमत 12.27 लाख रुपये है। सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।
नई XUV 3XO ZNG में 1.2 लीटर टर्बोचार्ज्ड MPFI पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे पेट्रोल और CNG दोनों पर चलाया जा सकता है। CNG मोड में यह इंजन 114hp की पावर और 200Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी के मुताबिक, SUV 0 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार करीब 4.9 सेकंड में और 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 11.8 सेकंड में पकड़ सकती है।
कंपनी ने CNG मोड में 24.7 किलोमीटर प्रति किलोग्राम की फ्यूल एफिशिएंसी का दावा किया है। बेहतर माइलेज के साथ इसका टर्बो इंजन इसे इस सेगमेंट में अलग पहचान दिलाने की कोशिश करेगा।
फीचर्स के मामले में भी MAHINDRA ने सुरक्षा पर ध्यान दिया है। XUV 3XO ZNG में छह एयरबैग, सभी सीटों के लिए सीटबेल्ट रिमाइंडर, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक और मजबूत चेसिस दिया गया है। डैशबोर्ड पर पेट्रोल और CNG के बीच स्विच करने के लिए अलग बटन दिया गया है। इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में दोनों ईंधनों का लेवल और ट्रिप से जुड़ी जानकारी भी देखी जा सकती है। Mahindra XUV 3XO ZNG का मुकाबला CNG विकल्प वाली कॉम्पैक्ट SUVs, खासकर Maruti Suzuki Brezza और Tata Nexon से होगा।
