Hyundai का EV मिशन तेज, myHyundai ऐप से जुड़ेंगे 30 हजार चार्जिंग पॉइंट

Hyundai का EV मिशन तेज, myHyundai ऐप से जुड़ेंगे 30 हजार चार्जिंग पॉइंट

2030 तक 600 फास्ट चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी

ऐप से एक क्लिक में मिलेगा चार्जिंग स्टेशन,  बना EV ड्राइवरों का साथी

EV इंडिया को मिलेगी नई रफ्तार, Hyundai बना रही चार्जिंग का मजबूत जाल

भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच Hyundai Motor India ने EV चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अपने myHyundai ऐप को देशभर के 30 हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग पॉइंट्स से जोड़ दिया है। अब EV मालिकों को चार्जिंग स्टेशन ढूंढने के लिए अलग-अलग ऐप या प्लेटफॉर्म का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। वे एक ही ऐप के जरिए नजदीकी चार्जिंग स्टेशन की जानकारी, रास्ता, बुकिंग और डिजिटल पेमेंट जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
Hyundai ने यह बड़ा नेटवर्क कई चार्ज पॉइंट ऑपरेटर कंपनियों (CPOs) के साथ साझेदारी करके तैयार किया है। कंपनी का कहना है कि यह भारत में किसी एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सबसे बड़े EV चार्जिंग नेटवर्क में से एक है। इसका मकसद इलेक्ट्रिक कारों से लंबी दूरी की यात्रा को आसान और भरोसेमंद बनाना है।
कंपनी के अनुसार, देशभर में चार्जिंग सुविधाएं औसतन 25 किलोमीटर के दायरे में उपलब्ध कराने की कोशिश की गई है। इससे हाईवे पर सफर करने वाले EV ग्राहकों को काफी सुविधा मिलेगी। दिल्ली-गुरुग्राम-जयपुर, मुंबई-पुणे-बेंगलुरु, मुंबई-रत्नागिरी-गोवा, चेन्नई-वेल्लोर-बेंगलुरु और हैदराबाद-कुरनूल-बेंगलुरु जैसे प्रमुख रूट पर भी चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत किया गया है।
Hyundai अपना खुद का DC फास्ट चार्जिंग नेटवर्क भी तेजी से बढ़ा रही है। फिलहाल कंपनी के पास 105 शहरों में 183 फास्ट चार्जिंग स्टेशन हैं, जिन्हें बढ़ाकर साल 2030 तक 600 स्टेशन करने का लक्ष्य रखा गया है। ये चार्जिंग स्टेशन शहरों, हाईवे और Hyundai डीलरशिप पर लगाए जाएंगे।
इन फास्ट चार्जिंग स्टेशनों पर 60 kW से 240 kW तक की चार्जिंग क्षमता उपलब्ध है। खास बात यह है कि इनका इस्तेमाल सिर्फ Hyundai की इलेक्ट्रिक कारों तक सीमित नहीं होगा, बल्कि दूसरी कंपनियों के EV ग्राहक भी इनका फायदा उठा सकेंगे।
Hyundai के मुताबिक, उसके मौजूदा चार्जिंग नेटवर्क का इस्तेमाल अब तक 3 लाख से ज्यादा EV यूजर्स कर चुके हैं। जनवरी 2023 से जून 2026 तक इन स्टेशनों के जरिए 50 लाख kWh से ज्यादा ऊर्जा की खपत हुई, जिससे कंपनी के अनुसार करीब 35 लाख किलोग्राम CO₂ उत्सर्जन कम करने में मदद मिली। myHyundai ऐप में ग्राहकों को चार्जिंग स्टेशन की लोकेशन, नेविगेशन, एडवांस बुकिंग और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाएं मिलेंगी। कंपनी ने अपने कई चार्जिंग स्टेशन हाईवे और शहरों में ऐसे स्थानों पर लगाए हैं, जहां वाहन चार्ज होने के दौरान ग्राहक आराम या खाने-पीने की सुविधा ले सकें।