पेट्रोल-डीजल कारें पिछड़ी, E-CARS का धमाल, फेस्टिव सीजन में EV की बिक्री में 69% उछाल

पेट्रोल-डीजल कारें पिछड़ी, E-CARS का धमाल, फेस्टिव सीजन में EV की बिक्री में 69% उछाल

• भारत में इलेक्ट्रिक कारों का जलवा! 32 दिन में बिक गईं 40 हजार से ज्यादा EV

• पेट्रोल कारों की बिक्री में 14.5% गिरावट, इलेक्ट्रिक गाड़ियों ने पकड़ी रफ्तार

• इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती दीवानगी! टाटा की बिक्री 71%, महिंद्रा की 84% उछली

• EV की मांग इतनी कि कंपनियां नहीं कर पा रहीं सप्लाई, टाटा को सिर्फ 65% ऑर्डर पूरे करने में सफलता

भारतीय कार बाजार में ग्राहकों की पसंद तेजी से बदल रही है। पेट्रोल और डीजल कारों की बिक्री में गिरावट के बीच इलेक्ट्रिक कारों ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है। नवरात्र से लेकर भाई दूज तक चले 32 दिनों के त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री सालाना आधार पर 69 फीसदी बढ़कर 40,122 यूनिट पहुंच गई। वहीं, पेट्रोल कारों की बिक्री में 14.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। डीजल और सीएनजी कारों की मांग भी कमजोर रही। पूरे कार बाजार में 7.2% गिरावट के बावजूद इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में 69% उछाल दर्ज किया गया।

डायनामिक्स के आंकड़ों के मुताबिक, इस त्योहारी अवधि में इलेक्ट्रिक कारों की कुल पैसेंजर व्हीकल बिक्री में हिस्सेदारी बढ़कर 6.9 फीसदी हो गई। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 3.8 फीसदी था। दूसरी ओर, पेट्रोल कारों की बिक्री 3.52 लाख से घटकर करीब 3.01 लाख यूनिट रह गई। डीजल कारों की बिक्री में 6.8 फीसदी और सीएनजी कारों में 2.4 फीसदी की गिरावट आई।

इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में इतनी तेज बढ़ोतरी के बावजूद पूरे कार बाजार की रफ्तार सुस्त रही। त्योहारी सीजन में कुल पैसेंजर व्हीकल डिलीवरी 7.2 फीसदी घटकर 5.81 लाख यूनिट रह गई। पिछले साल यह आंकड़ा 6.26 लाख यूनिट था। इलेक्ट्रिक कार बाजार में टाटा मोटर्स ने अपना पहला स्थान बरकरार रखा। कंपनी की EV बिक्री 71 फीसदी बढ़कर 16,220 यूनिट पहुंच गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने और तेज रफ्तार दिखाई। उसकी इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री 84 फीसदी उछलकर 9,407 यूनिट हो गई। दोनों भारतीय कंपनियों की संयुक्त हिस्सेदारी करीब 80 फीसदी रही।

इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच कंपनियों के सामने उत्पादन बढ़ाने की चुनौती भी है। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के एमडी शैलेश चंद्र के मुताबिक, कंपनी फिलहाल इलेक्ट्रिक वाहनों की कुल मांग का केवल 60-65 फीसदी ही पूरा कर पा रही है।

महिंद्रा के कार्यकारी निदेशक राजेश जेजुरिकर का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर ग्राहकों का रुझान अब स्थायी बदलाव बनता जा रहा है। कम रनिंग कॉस्ट और EV के प्रति बढ़ती जागरूकता इसकी बड़ी वजह हैं। कंपनी अपनी मौजूदा 8,000 यूनिट मासिक उत्पादन क्षमता में फरवरी-मार्च तक 4,000 यूनिट और जोड़ने की योजना बना रही है।

कुल मिलाकर, भारतीय कार बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मजबूत होती पकड़ यह संकेत दे रही है कि आने वाले समय में EV कंपनियों के लिए विकास का बड़ा अवसर बनने जा रही हैं।