आसमान से बरसेगा हाईस्पीड इंटरनेट! 1,600 सैटेलाइट संग JIO की लंबी छलांग

आसमान से बरसेगा हाईस्पीड इंटरनेट! 1,600 सैटेलाइट संग JIO की लंबी छलांग

भारत को सैटेलाइट इंटरनेट का सुपरपावर बनाने में जुटा Jio, ISRO और देसी कंपनियों से हाथ मिलाने की तैयारी

390 सैटेलाइट की पहली खेप लॉन्च करने की JIO की तैयारी, देसी कंपनियों पर दांव

ISRO से Skyroot तक Jio की बातचीत, भारत में बनेगा अंतरिक्ष इंटरनेट का नया इकोसिस्टम

गांव-गांव पहुंचेगा हाईस्पीड इंटरनेट! JIO की सैटेलाइट योजना से बदलेगी डिजिटल भारत की तस्वीर

टेलीकॉम और डिजिटल सेवाओं के बाद अब मुकेश अंबानी की रिलायंस JIOकी नजर अंतरिक्ष कारोबार पर है। कंपनी भारत में सैटेलाइट इंटरनेट का विशाल नेटवर्क तैयार करने की योजना पर काम कर रही है। इसके तहत करीब 1,600 सैटेलाइट लॉन्च किए जाएंगे। JIO इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO), Skyroot Aerospace और दूसरी घरेलू कंपनियों के साथ बातचीत कर रही है। कंपनी की कोशिश है कि सैटेलाइट डिजाइन से लेकर लॉन्च और संचालन तक पूरी वैल्यू चेन भारत में विकसित की जाए।
JIO शुरुआती चरण में करीब 390 सैटेलाइट अलग-अलग बैच में लॉन्च करने की योजना बना रही है। अगले दो वर्षों में लॉन्च की तैयारी के लिए कई कंपनियों से बातचीत चल रही है। हालांकि, भारत में रॉकेट की उपलब्धता और पेलोड क्षमता सीमित होने के कारण इतनी बड़ी संख्या में सैटेलाइट भेजना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
JIOकी बातचीत केवल ISRO और Skyroot तक सीमित नहीं है। कंपनी दुनिया की प्रमुख लॉन्च सेवा प्रदाता SpaceX के साथ भी चर्चा कर रही है। JIO घरेलू कंपनियों को प्राथमिकता देने के साथ अंतरराष्ट्रीय विकल्प भी खुले रखना चाहती है। रिलायंस ने अपनी वार्षिक आम बैठक में लो-अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट नेटवर्क विकसित करने की योजना का जिक्र किया था। इसका उद्देश्य देश के दूरदराज, ग्रामीण और इंटरनेट से वंचित इलाकों तक हाईस्पीड और कम लेटेंसी वाला ब्रॉडबैंड पहुंचाना है।
नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए देशभर में 23 ग्राउंड स्टेशन स्थापित करने की भी योजना है। इससे JIOकी डिजिटल सेवाओं को नई मजबूती मिल सकती है।
इस योजना से भारत की निजी अंतरिक्ष कंपनियों के कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। Skyroot Aerospace और Agnikul Cosmos जैसी कंपनियां रॉकेट लॉन्चिंग के क्षेत्र में अपनी क्षमताएं विकसित कर रही हैं। इसके अलावा HAL और Larsen & Toubro का गठबंधन भी लॉन्च व्हीकल तैयार करने में जुटा है।
IN-SPACe की रिपोर्ट के मुताबिक, 2033 तक भारत के अंतरिक्ष उद्योग का संभावित बाजार 44 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। इसमें अकेले लॉन्च सेवाओं का बाजार 3.5 अरब डॉलर का होने का अनुमान है। विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में सैटेलाइट लॉन्च करने के लिए घरेलू और विदेशी कंपनियों दोनों की सेवाएं लेनी पड़ सकती हैं।