• GRAP के शिकंजे में हजारों गाड़ियां, 9 दिन में 696 लोगों के कटे चालान
दिल्ली की सड़कों पर अब नहीं चलेगा प्रदूषण का धुआं, बॉर्डर पर गाड़ियों की सघन जांच
• दिल्ली में BS-VI से नीचे की गाड़ियों पर सख्ती, 9 दिन में 696 चालान
दिल्ली में जहरीली हवा पर लगाम लगाने के लिए वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा रही है। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत दिल्ली की सीमाओं पर सख्ती बढ़ा दी गई है। 1 नवंबर से 9 नवंबर के बीच नियमों का उल्लंघन करने वाले 16,827 वाहनों को दिल्ली की सीमा से वापस लौटा दिया गया। इसके अलावा 696 वाहनों के चालान काटे गए और 52 गाड़ियों को जब्त किया गया। इस कार्रवाई में कुल 1.40 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
GRAP के तहत 31 जनवरी तक दिल्ली में गैर-Delhi पंजीकृत BS-VI से नीचे के उत्सर्जन मानक वाले वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। हालांकि, CNG और इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ निर्धारित छूट वाली श्रेणियों को इससे बाहर रखा गया है। 1 से 9 नवंबर के दौरान प्रतिबंधित श्रेणियों के 73,877 वाहनों की पहचान की गई। केवल 9 नवंबर को 7,551 वाहन जांच के दायरे में आए। इनमें से 1,099 को वापस भेजा गया और 32 के चालान काटे गए।
हल्के कमर्शियल वाहनों की सबसे ज्यादा जांच हुई। इस श्रेणी के 15,393 वाहन पकड़े गए। इनमें से 2,096 को वापस लौटाया गया और 76 के चालान काटे गए। मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के 13,839 मामले सामने आए। इनमें 1,890 वाहन वापस भेजे गए और 97 के चालान काटे गए। निजी कारों और हल्के मोटर वाहनों के 6,600 मामले दर्ज किए गए। इनमें 1,340 वाहनों को वापस लौटाया गया और 382 के चालान काटे गए। बसों के 1,215 मामले सामने आए, जिनमें 300 को वापस भेजा गया।
प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) के बिना चलने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई जारी है। 1 से 9 नवंबर के बीच ऐसे 7,502 वाहनों के चालान काटे गए। इन पर 7.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। अकेले 9 नवंबर को 987 वाहनों के चालान काटकर 98.70 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP के तहत वाहन जांच अभियान जारी रहेगा। इसके साथ ही सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और चालान की कार्रवाई भी तेज रखी जाएगी। साफ है कि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के मालिकों को अब दिल्ली में प्रवेश से पहले नियमों का विशेष ध्यान रखना होगा।
