महंगाई ने बिगाड़ा बाइक बाजार का खेल, 100-125cc सेगमेंट की रफ्तार पड़ी धीमी

महंगाई ने बिगाड़ा बाइक बाजार का खेल, 100-125cc सेगमेंट की रफ्तार पड़ी धीमी

नई दिल्ली। ग्रामीण इलाकों में महंगाई और कमजोर कृषि आय का असर अब 100-125cc मोटरसाइकिल बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। देश में बिकने वाली करीब हर चार में से तीन मोटरसाइकिल इसी सेगमेंट की हैं, लेकिन ग्रामीण मांग कमजोर होने से इस बाजार में चिंता बढ़ गई है। हालात को देखते हुए Hero MotoCorp ने कुछ बाजारों में अपनी एंट्री-लेवल बाइक HF Deluxe की कीमत भी घटाई है।


Bajaj Auto ने 100cc और 125cc सेगमेंट की ग्रोथ को लगभग स्थिर यानी ‘फ्लैट’ बताया है। कंपनियों के मुताबिक बारिश की अनिश्चितता, फसल की बुवाई में देरी और खाने-पीने व ईंधन की बढ़ती कीमतों से ग्रामीण ग्राहकों की जेब पर दबाव बढ़ रहा है। ग्रामीण बाजार की कमजोरी का अंदाजा ऑटोमोबाइल डीलर्स के आंकड़ों से भी लगाया जा सकता है।

FADA के मुताबिक जून में ग्रामीण इलाकों में दोपहिया वाहनों की बिक्री में महीने-दर-महीने 4.55 फीसदी की गिरावट आई थी। जुलाई में यह गिरावट बढ़कर 6.16 फीसदी हो गई। बढ़ती लागत के बीच कंपनियां एंट्री-लेवल ग्राहकों को 125cc सेगमेंट की ओर ले जाने की रणनीति अपना रही हैं। Bajaj ने नए 125cc Pulsar के साथ इस कैटेगरी में कई नए मॉडल और अपग्रेड लाने की योजना बनाई है। कंपनी 125cc सेगमेंट में दो नए ब्रांड भी पेश करने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा Pulsar 150cc का नया मॉडल और 160cc से 400cc रेंज में करीब 10 फेसलिफ्ट लाने की योजना है।

कंपनी के मुताबिक एक ही तिमाही में महंगाई का असर पिछले दो वित्त वर्षों में आए कुल असर से भी ज्यादा रहा। स्टील की कीमत में 10 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी हुई, जबकि एल्युमिनियम, प्लैटिनम और रोडियम की कीमतों में करीब 40 फीसदी तक उछाल आया। कंपनियां लागत बढ़ने का पूरा बोझ एंट्री-लेवल बाइक पर डालने के बजाय 125cc और उससे ऊपर के मॉडल में कीमत बढ़ाने पर ज्यादा जोर दे रही हैं।
प्रीमियम मोटरसाइकिल बाजार कंपनियों के लिए राहत लेकर आया है।

Bajaj के मुताबिक 150cc और 250cc बाइक की बिक्री 20 फीसदी से ज्यादा की रफ्तार से बढ़ रही है। TVS Motor के लिए Apache और Ronin जैसे मॉडल अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं KTM और Triumph ब्रांड की संयुक्त बिक्री में भी करीब 50 फीसदी सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। Bajaj की कुल आय में अब एक्सपोर्ट का हिस्सा करीब 40 फीसदी पहुंच गया है। अफ्रीकी बाजार में कंपनी की रिटेल बिक्री दोगुनी हुई है, जबकि ब्राजील में इसमें करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। सस्ती 100-125cc बाइक के बाजार में फिलहाल दबाव है, लेकिन महंगी और प्रीमियम बाइक के दम पर दोपहिया कंपनियां कुल बिक्री की रफ्तार बनाए रखने की कोशिश कर रही हैं।