नई दिल्ली: इंडिया की दिग्गज कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी Ashok Leyland ने अपनी मशहूर ट्रक सीरीज़ Taurus और Hippo को भारतीय बाजार में फिर से लॉन्च कर दिया है। ये दोनों ट्रक ब्रांड पहले भी देश के भारी-भरकम ट्रक बाजार में काफी लोकप्रिय रहे हैं और अब कंपनी ने इन्हें आधुनिक टेक्नोलॉजी और ज्यादा पावर के साथ वापस उतारा है।
कंपनी ने Taurus को हाई-हॉर्सपावर टिपर ट्रक रेंज के रूप में पेश किया है, जबकि Hippo को ट्रैक्टर ट्रक पोर्टफोलियो का फ्लैगशिप मॉडल बनाया गया है। ये दोनों ट्रक Ashok Leyland के आधुनिक AVTR मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर बने हैं और इनमें 8.0 लीटर A-Series 6-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो करीब 360 हॉर्सपावर और 1,600 Nm का टॉर्क पैदा करता है।
Hippo ट्रक 1980 के दशक से लेकर 2000 के शुरुआती सालों तक भारी सामान ढोने के लिए जाना जाता था, जबकि Taurus इंडिया का पहला मल्टी-एक्सल ट्रक था और आज भी कई ट्रक ऑपरेटर मल्टी-एक्सल ट्रकों को ‘टॉरस’ नाम से पहचानते हैं। कंपनी ने इन पुराने भरोसेमंद नामों को नए जमाने की तकनीक के साथ फिर से पेश किया है। ये नए Taurus और Hippo ट्रक खास तौर पर माइनिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन सेक्टर को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। इनमें हैवी-ड्यूटी ड्राइवट्रेन, मजबूत चेसिस, हिल स्टार्ट असिस्ट और ऑटोमैटिक ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं। Hippo ट्रक में एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स का ऑप्शन भी मिलेगा।
Ashok Leyland के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO शेनू अग्रवाल ने कहा कि ये ट्रक हाई पावर और टॉर्क के साथ बेहतर मजबूती, ज्यादा उत्पादकता और तेज काम पूरा करने की क्षमता देंगे। कंपनी इन ट्रकों को अपने देशभर के डीलरशिप नेटवर्क के जरिए बेचेगी और इसका मकसद हाई-हॉर्सपावर ट्रक सेगमेंट में अपनी पकड़ और मजबूत करना है। इन ट्रकों की कीमत और बिक्री की तारीख का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन बढ़ते इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को देखते हुए इनकी मांग तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
