नई दिल्ली : इंडिया में इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते बाजार को देखते हुए वियतनाम की प्रमुख ईवी निर्माता VinFast ने चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। VinFast इकोसिस्टम की चार्जिंग कंपनी V-Green ने इंडिया की अग्रणी ईवी चार्जिंग नेटवर्क कंपनी ChargeZone के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस गठजोड़ का उद्देश्य देशभर में VinFast ग्राहकों के लिए एक मजबूत, भरोसेमंद और आधुनिक चार्जिंग नेटवर्क तैयार करना है।
यह इंडिया में VinFast की पहली को-ब्रांडेड चार्जिंग साझेदारी है, जिसे कंपनी के आगामी इलेक्ट्रिक वाहन लॉन्च की सफलता की आधारशिला माना जा रहा है। समझौते के तहत V-Green चार्जिंग स्टेशनों के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करेगा और नेटवर्क विस्तार की योजना तैयार करेगा, जबकि ChargeZone इन स्टेशनों के संचालन, रखरखाव और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगा। इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत गुजरात के वडोदरा से हो चुकी है, जहां मंगला ट्रेड हब में पहला को-ब्रांडेड चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया है। VinFast डीलरशिप के समीप स्थापित इस स्टेशन में 60 किलोवाट का डीसी फास्ट चार्जर लगाया गया है, जो डुअल-गन तकनीक से लैस है। इसकी मदद से एक साथ दो इलेक्ट्रिक वाहनों को तेज गति से चार्ज किया जा सकता है।
कंपनियों ने बताया कि फिलहाल देशभर में 15 को-ब्रांडेड चार्जिंग स्टेशन चालू हो चुके हैं। ये स्टेशन VinFast के उभरते चार्जिंग नेटवर्क की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं। अगले छह महीनों में करीब 100 नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना है। ये स्टेशन प्रमुख शहरों, राष्ट्रीय राजमार्गों और महत्वपूर्ण यात्रा मार्गों पर लगाए जाएंगे, जिससे लंबी दूरी की ईवी यात्रा पहले से कहीं अधिक आसान हो सकेगी।
इंडिया में इलेक्ट्रिक वाहनों की स्वीकार्यता तेजी से बढ़ रही है, लेकिन चार्जिंग सुविधाओं की कमी अब भी खरीदारों की सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। ऐसे में V-Green और ChargeZone की यह साझेदारी न केवल VinFast ग्राहकों को बेहतर सुविधा देगी, बल्कि देश के पूरे ईवी इकोसिस्टम को मजबूती प्रदान करेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत चार्जिंग नेटवर्क के बिना इलेक्ट्रिक वाहनों का व्यापक प्रसार संभव नहीं है। VinFast का यह कदम भारत में ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाई देने के साथ-साथ स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
