BMW 7 Series Facelift की INDIA में एंट्री कल, पेट्रोल-डीजल संग आएगी i7

BMW 7 Series Facelift की INDIA में एंट्री कल, पेट्रोल-डीजल संग आएगी i7

BMW 7 Series दमदार इंजन और हाईटेक केबिन से मचाएगी तहलका

31.3-इंच 8K स्क्रीन, 400bhp पावर, इल्यूमिनेटेड ग्रिल और 8K स्क्रीन…

लग्जरी कार बनाने वाली कंपनी BMW भारतीय बाजार में अपनी नई 7 Series और पूरी तरह इलेक्ट्रिक i7 का फेसलिफ्ट मॉडल 11 सितंबर को लॉन्च करने जा रही है। कंपनी पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक—तीनों पावरट्रेन वाली कारों को एक साथ बाजार में उतारेगी। नई कारों के लिए प्री-लॉन्च बुकिंग पहले से शुरू है।
नई 7 Series के एक्सटीरियर में सबसे बड़ा बदलाव इसका इल्यूमिनेटेड किडनी ग्रिल है। भारत में 7 Series पर पहली बार यह फीचर दिया जाएगा। कार में नए स्प्लिट हेडलैंप भी मिलेंगे। ऊपर की यूनिट में LED DRLs दिए गए हैं, जबकि नीचे की तरफ मुख्य लाइट क्लस्टर लगाए गए हैं। पीछे की तरफ टेललैंप पहले के मुकाबले ज्यादा स्लिम हैं। इनमें क्रोम डिटेलिंग और स्मोक्ड ग्लास का इस्तेमाल किया गया है। BMW ने रियर कैमरा, बूट रिलीज और वॉशर नोजल को भी छिपा दिया है, जिससे कार का पिछला हिस्सा ज्यादा साफ-सुथरा दिखाई देता है।
नई BMW 7 Series का केबिन भी काफी अपडेट किया गया है। इसमें 17.9 इंच का सेंट्रल टचस्क्रीन मिलेगा, जो BMW के नए ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करेगा। फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग 14.6 इंच का डिस्प्ले दिया गया है। पारंपरिक इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की जगह विंडस्क्रीन के बेस पर फुल-विड्थ प्रोजेक्शन दिया गया है। नया चार-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और फुल-विड्थ एम्बिएंट लाइटिंग स्ट्रिप भी मिलेगी।
कार में 18-स्पीकर Bowers & Wilkins साउंड सिस्टम दिया गया है। इसमें Dolby Atmos का सपोर्ट भी मिलेगा। पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण 31.3 इंच की 8K रियर एंटरटेनमेंट स्क्रीन होगी। इस स्क्रीन पर वीडियो कॉल, स्ट्रीमिंग और गेमिंग जैसे काम किए जा सकेंगे। BMW 740i xDrive में 3.0-लीटर इनलाइन-6 पेट्रोल इंजन मिलेगा। यह इंजन 400bhp की पावर और 580Nm का टॉर्क पैदा करेगा। वहीं 740d xDrive में 3.0-लीटर डीजल इंजन मिलेगा, जो 313bhp और 670Nm का टॉर्क देगा।
इलेक्ट्रिक BMW i7 में भी अहम बदलाव किए गए हैं। दोनों वेरिएंट में अब 112.4kWh की बड़ी बैटरी मिलेगी। एंट्री-लेवल i7 50 में भी अब रियर-व्हील ड्राइव की जगह xDrive ऑल-व्हील ड्राइव स्टैंडर्ड मिलेगा। फेसलिफ्ट से पहले भारत में BMW 7 Series की कीमत 1.85 करोड़ रुपये से शुरू होती थी। वहीं BMW i7 की कीमत 2.10 करोड़ से 2.58 करोड़ रुपये तक थी।