सस्ता, हलका और सिंपल स्मार्टफोन, पुराना अंदाज, नए जमाने की 4G कनेक्टिविटी
कभी मोबाइल बाजार में अपनी अलग पहचान बनाने वाली Nokia Asha सीरीज एक बार फिर चर्चा में है। HMD ने Asha ब्रैंड को वापस लाते हुए नया HMD Asha 305 पेश किया है। यह फोन उन यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिन्हें महंगे और पावरफुल स्मार्टफोन के बजाय रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए एक सरल और किफायती डिवाइस चाहिए। फोन को ब्लैक और लाइट ग्रीन रंग में पेश किया गया है। इसका वजन सिर्फ 145 ग्राम है, जबकि मोटाई 10.2mm है। यह अपेक्षाकृत हल्का और कॉम्पैक्ट डिवाइस है।
HMD Asha 305 में 5 इंच का LCD डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 854×480 पिक्सल है। फोन के फ्रंट और रियर दोनों हिस्सों में 2 मेगापिक्सल कैमरा मिलता है। पीछे वाले कैमरे के साथ LED फ्लैश भी दिया गया है। फोन में Unisoc T137 प्रोसेसर के साथ 2GB RAM और 16GB इंटरनल स्टोरेज दिया गया है। जरूरत पड़ने पर स्टोरेज को microSD कार्ड के जरिए 128GB तक बढ़ाया जा सकता है। Asha 305 की सबसे खास बात इसकी रिमूवेबल 2,500mAh बैटरी है। यह 5W चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी के मुताबिक फोन एक बार चार्ज करने पर 32 घंटे तक इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें डुअल 4G SIM, Wi-Fi, Bluetooth 4.2 और USB Type-C पोर्ट भी दिया गया है।
यह स्मार्टफोन Pulse OS पर चलता है, जो Android पर आधारित है। हालांकि इसमें Google Play Store और सामान्य Google ऐप्स पहले से इंस्टॉल नहीं मिलते। HMD ने इसके लिए अपना ऐप स्टोर दिया है, जिसमें हल्के ऐप्स उपलब्ध हैं। कंपनी की वेबसाइट पर TikTok Lite का उल्लेख है, जबकि कुछ अनौपचारिक रिपोर्टों में Facebook Lite, Instagram Lite, WhatsApp और YouTube जैसे ऐप्स का भी जिक्र किया गया है।
HMD ने अभी इसकी आधिकारिक ग्लोबल कीमत घोषित नहीं की है। हालांकि फोन कुछ एशियाई बाजारों में उपलब्ध हो चुका है। फिलीपींस में इसकी कीमत करीब 3,990 फिलीपीन पेसो यानी लगभग 65 डॉलर बताई गई है। HMD Asha 305 उन लोगों के लिए दिलचस्प विकल्प बन सकता है, जिन्हें बेसिक स्मार्टफोन अनुभव, लंबी बैटरी, डुअल 4G और एक्सपेंडेबल स्टोरेज चाहिए। रिमूवेबल बैटरी और Asha नाम इसे पुराने Nokia Asha फोन इस्तेमाल कर चुके लोगों के लिए भी खास बना सकते हैं।
