नई दिल्ली। इंडियन ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। फ्रांस की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Renault ने इंडिया में निर्मित अपनी ऑल-न्यू Duster SUV का वैश्विक निर्यात शुरू कर दिया है। इस पहल के तहत चेन्नई से 750 नई Duster SUVs की पहली खेप दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना की गई है। आने वाले महीनों में कंपनी इस मॉडल को अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी भेजने की तैयारी कर रही है।
नई Duster का निर्यात शुरू होना Renault India के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। इससे न केवल कंपनी की उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता पर वैश्विक भरोसा मजबूत हुआ है, बल्कि भारत की भूमिका भी Renault Group के वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट नेटवर्क में और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2030 तक भारत से सालाना 2 अरब यूरो के निर्यात का है और नई Duster उस दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकती है।
नई Renault Duster कई मायनों में खास है। यह भारत में बनने वाली Renault की पहली SUV है, जिसे Renault Group Modular Platform (RGMP) पर तैयार किया गया है। यह आधुनिक प्लेटफॉर्म पेट्रोल, हाइब्रिड और अन्य पावरट्रेन तकनीकों को सपोर्ट करने में सक्षम है, जिससे भविष्य की जरूरतों के हिसाब से वाहन को आसानी से अपडेट किया जा सकेगा। सुरक्षा के मोर्चे पर भी नई Duster ने शानदार प्रदर्शन किया है। SUV को सभी वेरिएंट और पावरट्रेन विकल्पों में 5-स्टार Bharat NCAP सुरक्षा रेटिंग मिली है। चेन्नई के ओरगडम स्थित Renault के अत्याधुनिक उत्पादन संयंत्र में इस SUV का निर्माण किया जा रहा है। इस प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 4.8 लाख वाहनों की है। Renault India के पास देशभर में 638 से अधिक सेल्स और सर्विस टचपॉइंट्स का नेटवर्क भी मौजूद है, जिसमें 200 से ज्यादा “वर्कशॉप ऑन व्हील्स” सुविधाएं शामिल हैं।
