नई कार, स्कूटर और बाइक के मालिकों की मौज! अब तीन साल तक PUC की टेंशन खत्म

नई कार, स्कूटर और बाइक के मालिकों की मौज! अब तीन साल तक PUC की टेंशन खत्म

नई दिल्ली। अगर आप नई कार, बाइक या स्कूटर के मालिक हैं तो आपके लिए बड़ी राहत की खबर है। सरकार प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के नियमों में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रही है, जिसके तहत कम धुआं छोड़ने वाले BS-VI वाहनों को लंबी छूट मिल सकती है। प्रस्ताव है कि छह साल तक पुराने नए वाहनों को हर साल PUC बनवाने की जरूरत नहीं होगी। इसकी वैधता सीधे तीन साल तक की जा सकती है। वहीं दूसरी ओर पुरानी और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियों पर सरकार का पहरा और कड़ा होगा। BS-IV वाहनों की जांच की अवधि घट सकती है, जबकि BS-I से BS-III तक के वाहनों को हर तीन महीने में प्रदूषण जांच करानी पड़ सकती है।

प्रस्तावित PUCC 3.0 व्यवस्था के तहत नए और कम प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को राहत दी जाएगी, जबकि पुराने वाहनों की निगरानी और सख्त होगी। योजना के मुताबिक, छह साल तक पुराने BS-VI निजी वाहनों को हर साल PUC बनवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऐसे वाहनों के लिए प्रमाणपत्र की वैधता सीधे तीन साल तक हो सकती है। सरकार के प्रस्ताव के अनुसार, 6 से 10 साल पुराने BS-VI वाहनों को हर साल PUC नवीनीकरण कराना होगा। वहीं 10 साल से अधिक पुराने BS-VI वाहनों के लिए यह अवधि घटाकर छह महीने की जा सकती है। मार्च 2020 से पहले बने BS-IV निजी वाहनोंको अब हर छह महीने में नया PUC बनवाना पड़ सकता है।

पुराने BS-I, BS-II और BS-III वाहनों के मालिकों को अब अपनी गाड़यों का PUC अब हर छह महीने के बजाय हर तीन महीने में बनवाना अनिवार्य किया जा सकता है। इस कदम का उद्देश्य सड़कों पर चल रहे ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ाना और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना है। विशेषज्ञों के अनुसार BS-VI तकनीक वाले वाहन पुराने मॉडलों की तुलना में कहीं अधिक स्वच्छ हैं। ये वाहन BS-IV मॉडल की तुलना में लगभग 82 प्रतिशत कम पार्टिकुलेट मैटर (PM) और करीब 25 प्रतिशत कम नाइट्रोजन ऑक्साइड (NOx) उत्सर्जित करते हैं। इसी वजह से सरकार नए वाहनों को अधिक वैधता देने पर विचार कर रही है। छह साल तक पुराने BS-VI वाणिज्यिक वाहनों को दो साल की PUC वैधता मिल सकती है।यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो देश में PUC व्यवस्था पहली बार वाहन की उम्र और उत्सर्जन क्षमता के आधार पर संचालित होगी।