आंध्र में गरजेगी Royal Enfield : 2500 करोड़ से बनेगा प्लांट, बढ़ेगी Bullet की ताकत

मुंबई: Royal Enfield ने अपने विस्तार प्लान के तहत बड़ा दांव खेल दिया है। कंपनी ने आंध्र प्रदेश में 2,500 करोड़ रुपये के निवेश से नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने का ऐलान किया है। इस कदम से कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और भविष्य की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।

कंपनी ने बताया कि उसने आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के ताडा इंडस्ट्रियल हब में जमीन भी खरीद ली है। हालांकि प्रोजेक्ट को कंपनी बोर्ड की मंजूरी मिलना बाकी है। मंजूरी के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसका विस्तार बाजार की मांग के हिसाब से होगा।

चेन्नई स्थित बाइक निर्माता की मौजूदा उत्पादन क्षमता करीब 14.6 लाख यूनिट सालाना है, जो लगभग पूरी तरह इस्तेमाल हो रही है। इसी वजह से कंपनी लगातार विस्तार की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इस साल फरवरी में भी कंपनी ने तमिलनाडु के चेय्यार प्लांट में क्षमता बढ़ाने के लिए 958 करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया था। इसके बाद कुल उत्पादन क्षमता 20 लाख यूनिट सालाना तक पहुंच जाएगी। कंपनी के पास फिलहाल तमिलनाडु में चार मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हैं, जिनकी संयुक्त अनुमानित क्षमता 20 लाख यूनिट सालाना है।

Eicher Motors के एमडी और रॉयल एनफील्ड के CEO बी. गोविंदराजन ने कहा कि आंध्र प्रदेश में यह निवेश कंपनी की उत्पादन क्षमता को और मजबूत करेगा और ग्रोथ के अगले चरण को रफ्तार देगा। कंपनी आंध्र प्रदेश में पहले ही 100 से ज्यादा रिटेल और सर्विस आउटलेट खोल चुकी है और यहां 1,200 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार भी पैदा कर चुकी है। ग्लोबल लेवल पर भी रॉयल एनफील्ड तेजी से विस्तार कर रही है। कंपनी के ब्राजील, बांग्लादेश, नेपाल, थाईलैंड, अर्जेंटीना और कोलंबिया समेत कई देशों में CKD फैसिलिटी मौजूद हैं। इसके अलावा भारत और दुनिया के 80 से ज्यादा देशों में कंपनी के 3,200 से ज्यादा स्टोर संचालित हो रहे हैं।