13.91 लाख में Triumph Street Triple 765 RX लॉन्च, अब सड़कों पर रेसट्रैक जैसा रोमांच

नई दिल्ली: ब्रिटिश मोटरसाइकिल निर्माता Triumph Motorcycles ने इंडिया में अपनी लिमिटेड-एडिशन Street Triple 765 RX लॉन्च कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत दिल्ली में 13.91 लाख रुपये रखी गई है।

कंपनी ने इसे अपने “2026 Unleashed” अभियान के तहत पेश किया है। यह मॉडल नवंबर 2025 में ग्लोबल डेब्यू के बाद अब भारतीय बाजार में उतारा गया है और कंपनी की अपडेटेड लाइनअप में Bonneville रेंज और Speed Twin 1200 Cafe Racer Edition के साथ शामिल हुआ है। नई Street Triple 765 RX को मौजूदा Street Triple 765 RS के ज्यादा ट्रैक-ओरिएंटेड और परफॉर्मेंस-केंद्रित वर्जन के तौर पर पेश किया गया है। हालांकि इसमें वही इंजन बरकरार रखा गया है, लेकिन बाइक को हार्डवेयर और डिजाइन के स्तर पर कई बड़े अपग्रेड दिए गए हैं।

इस बाइक की सबसे बड़ी खासियत इसका नया राइडिंग सेटअप है। इसमें क्लिप-ऑन हैंडलबार दिए गए हैं, जो राइडिंग पोजिशन को नीचे लाते हैं और बाइक को ज्यादा स्पोर्टी व आक्रामक स्टांस देते हैं। इससे हैंडलिंग फीडबैक बेहतर होती है और ट्रैक पर कंट्रोल ज्यादा सटीक मिलता है। सस्पेंशन सेटअप को भी अपग्रेड किया गया है। बाइक में आगे की तरफ 41 मिमी का फुली एडजस्टेबल Öhlins NIX30 USD फ्रंट फोर्क दिया गया है, जबकि पीछे की तरफ Öhlins STX40 मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है। ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में 310 मिमी के ड्यूल फ्लोटिंग डिस्क और Brembo Stylema फोर-पिस्टन मोनोब्लॉक कैलिपर दिए गए हैं, जबकि पीछे 220 मिमी डिस्क ब्रेक मिलता है। बाइक में Pirelli Diablo Supercorsa SP V3 टायर लगाए गए हैं, जो बेहतर ग्रिप और हाई-स्पीड स्थिरता देने के लिए जाने जाते हैं।

Street Triple 765 RX में वही 765cc लिक्विड-कूल्ड इनलाइन-ट्रिपल इंजन मिलता है, जो 12,000 rpm पर 130 hp की पावर और 9,500 rpm पर 80 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है और इसमें बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर स्टैंडर्ड फीचर के तौर पर दिया गया है। यह सेटअप तेज थ्रॉटल रिस्पॉन्स और मजबूत मिड-रेंज परफॉर्मेंस देने के लिए ट्यून किया गया है, जिससे बाइक सड़क और ट्रैक दोनों परिस्थितियों में दमदार प्रदर्शन कर सके। लुक्स के मामले में भी Street Triple 765 RX को अलग पहचान देने की कोशिश की गई है। इसमें सिल्वर पेंट स्कीम, रेड सबफ्रेम, खास RX बैजिंग और स्पोर्टी स्टाइलिंग एलिमेंट्स दिए गए हैं। कंपनी इसे लिमिटेड-एडिशन मॉडल के रूप में पेश कर रही है, जिससे इसकी एक्सक्लूसिविटी और बढ़ जाती है।