नई दिल्ली: Royal Enfield अगले दो वर्षों में बड़ा विस्तार करने जा रही है। कंपनी अपनी सालाना उत्पादन क्षमता 14 लाख यूनिट से बढ़ाकर करीब 20 लाख यूनिट करेगी। तमिलनाडु के चेय्यार प्लांट में विस्तार और आंध्र प्रदेश में नए ग्रीनफील्ड प्लांट की तैयारी है। वित्तीय वर्ष 2026 में कंपनी ने 12.2 लाख से ज्यादा बाइक बिक्री दर्ज की, जबकि एक्सपोर्ट भी 20% बढ़ा। इसी बीच कंपनी ने Flying Flea ब्रांड के जरिए इलेक्ट्रिक बाइक बाजार में एंट्री की है और Flying Flea S6 और Bullet 650 जैसे मॉडल लॉन्च लाइनअप में हैं।
Royal Enfield ने FY26 में 12.2 लाख से ज्यादा मोटरसाइकिल बेचीं। लगातार दूसरे साल कंपनी ने 10 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार किया। भारत में बिक्री 23% बढ़कर करीब 11 लाख यूनिट पहुंच गई, जबकि विदेशों में निर्यात (एक्सपोर्ट) भी 20% बढ़कर 1.2 लाख यूनिट से ज्यादा हो गया। कंपनी तमिलनाडु के चेय्यार प्लांट का विस्तार कर रही है। जून-जुलाई से नया प्रोडक्शन मॉड्यूल शुरू होने के बाद सालाना उत्पादन क्षमता 14 लाख से बढ़कर करीब 16 लाख यूनिट हो जाएगी। इसके बाद 958 करोड़ रुपये के निवेश से 2028 तक कुल क्षमता करीब 20 लाख यूनिट तक पहुंचाने की योजना है। कंपनी आंध्र प्रदेश में नया प्लांट भी लगाएगी ताकि भविष्य में बढ़ती मांग को आसानी से पूरा किया जा सके।
कंपनी का कहना है कि महंगाई, आर्थिक अनिश्चितता और वैश्विक तनाव के बावजूद महंगी और प्रीमियम मोटरसाइकिलों की मांग कम नहीं हुई है। FY23 में प्रीमियम बाइक सेगमेंट की मासिक बिक्री करीब 70 हजार यूनिट थी, जो अब बढ़कर करीब 1.1 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। 2026 में कंपनी ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में भी एंट्री कर ली। Flying Flea के तहत अप्रैल में बेंगलुरु में Flying Flea C6 इलेक्ट्रिक बाइक पेश की गई।
पहले Royal Enfield की बाइक को ज्यादा उम्र के या अनुभवी राइडर्स से जोड़ा जाता था, लेकिन अब युवा तेजी से इस ब्रैंड की ओर आकर्षित हो रहे हैं। कंपनी के मुताबिक अब हर तीन ग्राहकों में से एक की उम्र 25 साल से कम है। इसकी बड़ी वजह Hunter 350 और Guerrilla 450 जैसे मॉडल हैं। Brazil रॉयल एनफील्ड के लिए सबसे तेजी से बढ़ता बाजार बन गया है।
