Royal Enfield Himalayan 440: ओल्ड स्कूल का अंदाज, नए जमाने का दम

Royal Enfield Himalayan 440: ओल्ड स्कूल का अंदाज, नए जमाने का दम

• पुरानी Himalayan का स्टाइल, नए 440 इंजन की दहाड़! 4 सितंबर को रेड कार्पेट एंट्री
• कम पैसा, कम झंझट, ज्यादा एडवेंचर! हिमालयन 440 में लौटेगा 411 वाला फॉर्मूला

Royal Enfield Himalayan 440 को 4 सितंबर को पेश किए जाने की उम्मीद है। कंपनी इसे Himalayan 450 के मुकाबले ज्यादा किफायती और आसान एडवेंचर बाइक के तौर पर उतार सकती है। 443cc का इंजन, 6-स्पीड गियरबॉक्स, 21-इंच का फ्रंट व्हील और लंबी ट्रैवल वाला सस्पेंशन मिलेगा। इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत करीब 2.35 लाख से 2.45 लाख रुपये हो सकती है। बाइक की ऑनरोड कीमत करीब 3 लाख रुपये के आसपास हो सकती है

Himalayan 440 को सिर्फ Himalayan 450 का छोटा या सस्ता वर्जन नहीं माना जा रहा है। Royal Enfield इसे अलग तरह के ग्राहकों के लिए तैयार कर सकती है। जहां Himalayan 450 ज्यादा पावर, एडवांस फीचर्स और बेहतर परफॉर्मेंस पर जोर देती है, वहीं 440 में सादगी, मजबूती और आसान रखरखाव को प्राथमिकता मिलने की उम्मीद है। नई बाइक में पुरानी Himalayan 411 की सोच की झलक देखने को मिल सकती है। इसका फ्रेम, सबफ्रेम और ओवरऑल डिजाइन काफी हद तक पुराने Himalayan की उपयोगितावादी शैली से प्रेरित हो सकता है।

पुरानी Himalayan 411 की सबसे बड़ी ताकत उसका सीधा-सादा स्वभाव था। खराब सड़क हो, लंबी दूरी की यात्रा हो या पहाड़ी रास्ते, बाइक को हर जगह इस्तेमाल करना आसान माना जाता था।

Himalayan 440 में 443cc का एयर/ऑयल-कूल्ड LS440 सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलने की उम्मीद है। यह इंजन करीब 25.4 bhp की पावर और 34 Nm का टॉर्क दे सकता है।

Himalayan 440 को एडवेंचर टूरिंग के लिए बेहतर बनाने के लिए इसमें 21-इंच का फ्रंट व्हील और लंबी ट्रैवल वाला सस्पेंशन दिया जा सकता है। इससे खराब सड़कों, गड्ढों और हल्के ऑफ-रोड रास्तों पर बाइक को ज्यादा स्थिरता मिल सकती है। यही सेटअप इसे सड़क पर चलने वाली Scram 440 से भी अलग पहचान देगा।

 Himalayan 450 की दिल्ली में ऑन-रोड कीमत करीब 4 लाख रुपये तक पहुंचती है। ऐसे में नई 440 को इससे काफी नीचे रखने की उम्मीद है। अगर Royal Enfieldइसे 2.35 लाख से 2.45 लाख रुपये एक्स-शोरूम के आसपास लॉन्च करती है, तो इसकी ऑन-रोड कीमत करीब 3 लाख रुपये रह सकती है।