भारत में बैटरी की मांग 6 गुना बढ़ने का अनुमान, दो दिग्गज कंपनियां बना रहीं गीगाफैक्ट्री
EV इलेक्ट्रिक कारों की रफ्तार बढ़ाने 9,500 करोड़ का Amara Raja प्लान, Exide की 6 GWh फैक्ट्री ने पकड़ी रफ्तार
2030 तक 150 GWh बैटरी की मांग, भारत में शुरू हुई गीगाफैक्ट्री की होड़
भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) और रिन्यूएबल एनर्जी का बढ़ता बाजार बैटरी उद्योग की तस्वीर बदलने जा रहा है। देश में एडवांस्ड केमिस्ट्री सेल (ACC) की मांग 2026 के करीब 25 GWh से बढ़कर 2030 तक 140-150 GWh पहुंचने का अनुमान है। यानी महज चार वर्षों में मांग करीब छह गुना हो सकती है। इसमें 60-70 फीसदी हिस्सेदारी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की होगी, जबकि सोलर और विंड एनर्जी के लिए बैटरी स्टोरेज सिस्टम भी बड़ी मांग पैदा करेंगे। इस सुनहरे मौके को भुनाने के लिए बैटरी उद्योग की दो पुरानी प्रतिद्वंद्वी कंपनियां Amara Raja Energy & Mobility और Exide Industries अब लिथियम-आयन बैटरी कारोबार में अरबों रुपये का निवेश कर रही हैं।
Amara Raja तेलंगाना में 9,500 करोड़ रुपये के निवेश से गीगा कॉरिडोर विकसित कर रही है। कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2030 तक 16 GWh की लिथियम सेल उत्पादन क्षमता तैयार करना है। इसके तहत 2 GWh की NMC सेल फैक्ट्री और 5 GWh की LFP सेल फैक्ट्री स्थापित की जा रही है। NMC प्लांट में व्यावसायिक उत्पादन Q2 FY28 में शुरू होने की योजना है।
कंपनी 10 GWh क्षमता वाला बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) प्लांट भी तैयार कर रही है। यहां बड़े कंटेनर आधारित स्टोरेज सिस्टम बनाए जाएंगे। ट्रायल उत्पादन दिसंबर 2026 से शुरू करने और जनवरी-फरवरी 2027 में व्यावसायिक उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य है। इसके अलावा बैटरी पैक असेंबली क्षमता 4 GWh से बढ़ाकर 9 GWh की जाएगी। LFP प्लांट और पैक विस्तार पर अगले 30 महीनों में 2,320 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
दूसरी तरफ Exide Industries ने बेंगलुरु में 6 GWh की लिथियम-आयन सेल फैक्ट्री 23 सितंबर 2026 को चालू कर दी है। कंपनी अपनी सब्सिडियरी Exide Energy Solutions के जरिए इस कारोबार को आगे बढ़ा रही है। अब तक इसमें 5,352 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है।
कंपनी पहले LFP बैटरियों की सप्लाई बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। इसके बाद इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और ऑटोमोबाइल कंपनियों को NMC सेल की आपूर्ति बढ़ाने की तैयारी है।
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में Amara Raja के न्यू एनर्जी कारोबार ने 232 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया। वहीं Exide का ऑपरेशन से राजस्व 20.3 फीसदी बढ़कर 5,026 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 75.1 फीसदी उछलकर 386 करोड़ रुपये पहुंच गया।
हालांकि, चीनी बैटरियों से मुकाबला, उत्पादन लागत और फैक्ट्री की क्षमता का पूरा इस्तेमाल दोनों कंपनियों के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। अब असली परीक्षा यह होगी कि दोनों कंपनियां अपनी विशाल निवेश योजनाओं को कितनी जल्दी मुनाफे वाले कारोबार में बदल पाती हैं।
