नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Hero MotoCorp ने आंध्र प्रदेश में ₹3,200 करोड़ से अधिक के निवेश की घोषणा की है। कंपनी ने तिरुपति में अपने दूसरे ग्लोबल पार्ट्स सेंटर (Global Parts Centre – GPC) की आधारशिला रखी, जिस पर अकेले 750 करोड़ से अधिक का निवेश किया जाएगा। यह परियोजना न केवल कंपनी की ग्लोबल सप्लाई चेन को मजबूत करेगी बल्कि तिरुपति को भारत के प्रमुख EV, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
Hero MotoCorp का निवेश आंध्र प्रदेश में कंपनी के दीर्घकालिक विस्तार का हिस्सा है। इस रोडमैप के तहत तिरुपति प्लांट को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जहां इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन से लेकर वैश्विक स्तर पर स्पेयर पार्ट्स की सप्लाई तक सभी गतिविधियां संचालित होंगी। कंपनी का लक्ष्य भारत में निर्मित उत्पादों को दुनिया भर के बाजारों तक पहुंचाना है।
नया ग्लोबल पार्ट्स सेंटर Hero MotoCorp के घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्पेयर पार्ट्स नेटवर्क का प्रमुख केंद्र बनेगा। कंपनी ने बताया कि उसके इलेक्ट्रिक वाहन ब्रैंड VIDA की पूरी EV रेंज की डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग तिरुपति प्लांट में ही की जाती है। नए निवेश के बाद इस प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 12 लाख से 15 लाख यूनिट तक करने की योजना है। इस विस्तार से Hero MotoCorp की ग्लोबल सप्लाई चेन पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी और भारत का EV निर्माण क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान हासिल करेगा।
इस परियोजना के जरिए करीब 4,000 नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय उद्योग, सप्लाई चेन और छोटे व्यवसायों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। कंपनी का कहना है कि यह निवेश केंद्र सरकार के ‘विकसित भारत 2047’ और आंध्र प्रदेश सरकार के ‘स्वर्ण आंध्र’ विजन को गति देगा। Hero MotoCorp ने निवेश के साथ सामाजिक विकास पर भी बड़ा फोकस किया है। कंपनी ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ मिलकर ‘डॉ. बृजमोहन लाल मुंजाल हीरोज ऑफ टुमॉरो स्कॉलरशिप’ कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत राज्य के 28 जिलों के मेधावी इंजीनियरिंग छात्रों की IIIT में पढ़ाई की पूरी फीस कंपनी वहन करेगी। तिरुपति जिले की महिला पुलिसकर्मियों को VIDA इलेक्ट्रिक स्कूटर उपलब्ध कराए जाएंगे।
