• अक्टूबर में 31.72 लाख वाहन बिके 25% की छलांग, पेट्रोल को EV-CNG की चुनौती, पहली बार वैकल्पिक ईंधन वाली गाड़ियों का दबदबा
• कारों की बिक्री में गिरावट, लेकिन कमर्शियल वाहन और ट्रैक्टरों ने दिखाया दम
• इलेक्ट्रिक गाड़ियों की रिकॉर्डतोड़ बिक्री, बाजार में 11.5% तक पहुंची हिस्सेदारी
देश के ऑटोमोबाइल बाजार में अक्टूबर 2026 के दौरान जबरदस्त हलचल देखने को मिली। महीने-दर-महीने आधार पर वाहनों की खुदरा बिक्री में 25.05 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। कुल 31,72,466 वाहन बिके। हालांकि, पिछले साल अक्टूबर की तुलना में बिक्री 23.80 प्रतिशत कम रही, लेकिन इस गिरावट को बाजार में मांग की कमजोरी मानना सही नहीं होगा। इसकी सबसे बड़ी वजह इस बार दिवाली का नवंबर में होना है। पिछले साल अक्टूबर में नवरात्र और दिवाली दोनों त्योहारों के साथ जीएसटी 2.0 के बाद खरीदारी की रुकी हुई मांग का भी असर देखने को मिला था।
अक्टूबर की बिक्री इस महीने के इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी रही। इससे साफ है कि बाजार में ग्राहकों का उत्साह बरकरार है और त्योहारी खरीदारी का सबसे बड़ा दौर अभी बाकी है। ऑटो उद्योग की असली तस्वीर नवंबर में दिवाली के बाद सामने आएगी।
अक्टूबर में दोपहिया वाहनों की 23,21,419 यूनिट बिकीं। हालांकि, सालाना आधार पर इसमें 28.35 प्रतिशत की गिरावट रही। पैसेंजर वाहनों की बिक्री 5,07,768 यूनिट रही, जो पिछले साल के मुकाबले 14.23 प्रतिशत कम है।
दूसरी ओर, कमर्शियल वाहनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1,15,140 यूनिट की बिक्री दर्ज की। इसमें 2.29 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी हुई। तिपहिया वाहनों की बिक्री 1,41,420 यूनिट रही, जो 3.97 प्रतिशत अधिक है। ट्रैक्टरों की 79,285 यूनिट बिकीं और इनमें 3.10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट की बिक्री 22.07 प्रतिशत उछलकर 7,434 यूनिट पर पहुंच गई।
अक्टूबर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में इलेक्ट्रिक वाहनों का शानदार प्रदर्शन शामिल रहा। इनकी बिक्री करीब 3.55 लाख यूनिट के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी लगभग 11.5 प्रतिशत रही, जबकि पहले यह करीब 6 प्रतिशत थी। पेट्रोल की ऊंची कीमतों, इलेक्ट्रिक वाहनों की बेहतर रेंज और प्रतिस्पर्धी कीमतों ने ग्राहकों को आकर्षित किया। कई श्रेणियों में मांग इतनी मजबूत रही कि आपूर्ति भी पीछे रह गई।
पैसेंजर वाहनों के बाजार में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। पेट्रोल वाहनों की हिस्सेदारी 41.60 प्रतिशत रही, जबकि सीएनजी, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहनों की संयुक्त हिस्सेदारी 41.83 प्रतिशत तक पहुंच गई। यानी वैकल्पिक ईंधन वाले वाहनों ने पहली बार पेट्रोल को मामूली अंतर से पीछे छोड़ दिया।नवंबर से जनवरी 2027 तक के आउटलुक में भी 50.41 प्रतिशत प्रतिभागियों ने विकास की संभावना जताई है। दिसंबर और जनवरी में साल के अंत के ऑफर, नए मॉडल और बेहतर आपूर्ति बिक्री को सहारा दे सकते हैं।
