स्मार्ट ब्रेक, स्मार्ट दरवाजे और हाईटेक सिस्टम, Prawaas 5.0 में मॉडर्न टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन
अगर आने वाले समय में बसों का सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक और भरोसेमंद हो जाए तो इसमें ZF Group जैसी कंपनियों की बड़ी भूमिका होगी। कंपनी ने Prawaas 5.0 प्रदर्शनी में ऐसी कई नई तकनीक का प्रदर्शन किया, जो आने वाले वर्षों में इलेक्ट्रिक और सामान्य दोनों तरह की बसों में देखने को मिल सकती हैं। सबसे खास तकनीक AxTrax 2 इलेक्ट्रिक एक्सल है। यह बस का ऐसा सिस्टम है, जिसमें मोटर और कई जरूरी पार्ट्स एक ही यूनिट में लगे होते हैं। इससे बस हल्की बनती है, बिजली की खपत कम होती है और एक बार चार्ज करने पर बेहतर प्रदर्शन मिलता है।
कंपनी ने नई फ्रंट एक्सल (RL82A) तकनीक का भी प्रदर्शन किया। इसकी मदद से बड़ी बसें भी तंग सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आसानी से मुड़ सकेंगी। इससे ड्राइवर को बस चलाने में आसानी होगी और यात्रियों का सफर भी अधिक आरामदायक रहेगा। ZF ने बसों के लिए स्मार्ट डोर सिस्टम भी पेश किया है। अगर दरवाजे में किसी का हाथ या सामान फंस जाए तो यह सिस्टम उसे पहचानकर दरवाजा रोक सकता है। जरूरत पड़ने पर इमरजेंसी में दरवाजा तुरंत खोला भी जा सकता है।
कंपनी ने कई ऐसे सेफ्टी फीचर भी दिखाए जो पहले ज्यादातर महंगी कारों में देखने को मिलते थे। इनमें ADAS (ड्राइवर को दुर्घटना से बचाने में मदद करने वाला सिस्टम),ABS, इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम शामिल हैं। ये तकनीक बस को फिसलने से बचाने, समय पर ब्रेक लगाने और टायर की स्थिति पर नजर रखने में मदद करती हैं। ZF ने ऐसे स्पेयर पार्ट्स और सर्विस समाधान भी पेश किए, जिनसे बसें कम खराब होंगी, जल्दी मरम्मत हो सकेगी और ऑपरेटरों का रखरखाव खर्च कम होगा।
कंपनी का कहना है कि उसका लक्ष्य ऐसी तकनीकें उपलब्ध कराना है, जिससे भारत की बसें ज्यादा सुरक्षित, कम प्रदूषण फैलाने वाली, स्मार्ट और यात्रियों के लिए अधिक आरामदायक बन सकें।
