• Microsoft 365 में ईमेल से लेकर ऑनलाइन मीटिंग तक पर लगा ब्रेक, दुनिया भर में Microsoft का डिजिटल साम्राज्य हिला
• Microsoft की क्लाउड सेवाओं में बड़ा बवाल, Teams से Copilot तक प्रभावित
Microsoft 365 ने शुरू किया मेगा रिकवरी ऑपरेशन, Outlook और OneDrive यूजर्स बेहाल
Word, Excel, PowerPoint, OneDrive और SharePoint पर भी पड़ा असर
दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी Microsoft की क्लाउड सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी गड़बड़ी ने दुनियाभर में हड़कंप मचा दिया। Microsoft 365 के कई प्रमुख प्लेटफॉर्म अचानक प्रभावित हो गए। Outlook, Teams, Word, Excel, PowerPoint, SharePoint और OneDrive जैसी जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में यूजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Downdetector के मुताबिक, गड़बड़ी के चरम पर दुनियाभर के करीब 1.30 लाख यूजर्स ने समस्याओं की शिकायत दर्ज कराई। अब Microsoft ने सेवाओं को धीरे-धीरे बहाल करना शुरू कर दिया है।
इस तकनीकी संकट का असर खासतौर पर उन लोगों पर पड़ा, जो रोजमर्रा के काम के लिए Microsoft 365 पर निर्भर हैं। कई यूजर्स Outlook में ईमेल नहीं खोल पाए। कुछ को इनबॉक्स लोड करने और मेल भेजने या प्राप्त करने में परेशानी हुई। Teams पर ऑनलाइन मीटिंग और ऑफिस कम्युनिकेशन भी प्रभावित हुआ। Microsoft के AI असिस्टेंट Copilot समेत दूसरे क्लाउड आधारित प्लेटफॉर्म पर भी यूजर्स ने दिक्कतें बताईं।
Microsoft के मुताबिक, उसके इंफ्रास्ट्रक्चर के एक हिस्से में सर्वर की उपलब्धता अचानक कम हो गई थी। कई सर्वर ऑटोमेटेड हेल्थ चेक में फेल होने के बाद अप्रत्याशित रूप से अनुपलब्ध हो गए। इससे बाकी सक्रिय सर्वरों पर अतिरिक्त लोड बढ़ गया और कनेक्टिविटी की समस्या गंभीर होती चली गई। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह परेशानी अचानक बढ़े ट्रैफिक के कारण नहीं, बल्कि सर्वरों की कम उपलब्धता से पैदा हुई थी।
कंपनी ने प्रभावित सर्वरों के एक हिस्से को दोबारा सेवा में शामिल कर दिया है। शुरुआती बहाली के बाद ये सर्वर फिलहाल स्थिर बताए गए हैं। Microsoft ने ट्रैफिक को वैकल्पिक नेटवर्क रास्तों पर भेजने की रणनीति भी अपनाई है। इसके साथ ही प्रभावित सर्वरों को दोबारा ऑनलाइन लाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है।
Microsoft की जांच में हालिया कॉन्फिगरेशन बदलावों को भी संभावित कारण माना गया है। कंपनी ने फिलहाल नए डिप्लॉयमेंट और कॉन्फिगरेशन बदलाव रोक दिए हैं। प्रभावित सर्वरों को पहचानने और दोबारा शुरू करने के लिए ऑटोमेटेड सिस्टम पर भी काम किया जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, जब किसी बड़े नेटवर्क के कुछ सर्वर बंद होते हैं तो बाकी सर्वरों पर दबाव तेजी से बढ़ सकता है। इससे एक समस्या दूसरी समस्या को जन्म देती है। इसे कैस्केडिंग इफेक्ट कहा जाता है। विशेषज्ञों ने कंपनियों को सलाह दी है कि वे क्लाउड सेवाओं के साथ वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखें। फिलहाल Microsoft सेवाओं की बहाली में जुटी है।
