• बार-बार नियम तोड़ने और ई-चालान नहीं भरने वालों पर कसेगा शिकंजा, परिवहन विभाग करेगा मामलों की जांच
ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ेगा भारी, 493 वाहन चालक पुलिस के रडार पर
• ई-चालान को हल्के में लेने वालों का लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव पहुंचा DTO के पास
पटना। सड़क पर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाना और चालान कटने के बाद उसे नजरअंदाज करना अब वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। बिहार की राजधानी पटना में ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे लापरवाह वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है। अगर किसी वाहन चालक के पांच या उससे ज्यादा ट्रैफिक चालान बकाया हैं और उसने लंबे समय से जुर्माना जमा नहीं किया है तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की नौबत आ सकती है। पटना ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) को भेजा है। इस प्रस्ताव पर परिवहन विभाग विचार कर रहा है।
अक्टूबर 2026 तक पटना में 493 ऐसे वाहन चालकों की पहचान की गई है, जिनके पांच या उससे अधिक चालान लंबित हैं। इन वाहन चालकों ने बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया, लेकिन जुर्माने का भुगतान नहीं किया। अब इन सभी मामलों की जांच परिवहन विभाग करेगा। हालांकि, अभी किसी का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द नहीं किया गया है। फिलहाल यह कार्रवाई प्रस्ताव के स्तर पर है। विभाग की जांच और अंतिम निर्णय के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
ट्रैफिक पुलिस की इस पहल का मकसद सड़क पर अनुशासन कायम करना और बार-बार नियम तोड़ने वालों को सबक सिखाना है। पुलिस चाहती है कि वाहन चालक ई-चालान को गंभीरता से लें और समय पर जुर्माना जमा करें। लगातार चालान लंबित रखने वालों के खिलाफ अब सख्त कदम उठाने की तैयारी है।
वाहन मालिक सरकारी ई-चालान पोर्टल के जरिए अपने बकाया चालान की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके लिए echallan.parivahan.gov.in वेबसाइट पर जाना होगा। यहां ‘Check Challan Status’ विकल्प चुनकर वाहन नंबर, चालान नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद कैप्चा भरकर ‘Get Details’ पर क्लिक करें। स्क्रीन पर सभी लंबित चालान और उनके भुगतान की स्थिति दिखाई दे जाएगी।
अगर किसी वाहन चालक को लगता है कि उसका चालान गलत तरीके से काटा गया है तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय ऑनलाइन शिकायत दर्ज करानी चाहिए। ई-चालान पोर्टल पर ग्रिवांस विकल्प के जरिए शिकायत की जा सकती है। इसके साथ जरूरी दस्तावेज और सबूत अपलोड करने की सुविधा भी है। शिकायत की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकती है।
