• AI की अंधी दौड़ पर Microsoft के कर्मचारियों की नाराजगी, बोले- काम करने का तरीका बदलिए
• नौकरी की चिंता, बढ़ता वर्कलोड और AI का दबाव! Microsoft मैनेजमेंट को कर्मचारियों की चिट्ठी
Microsoft में 60 हजार कर्मचारियों को एग्जिट ऑफर, दूसरी ओर 2 करोड़ AI एजेंट की तैयारी!
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रही Microsoft के भीतर अब इसी तकनीक को लेकर असंतोष के स्वर उठने लगे हैं। कंपनी के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के एक समूह ने मैनेजमेंट को खुला पत्र लिखकर AI विकास की ‘हर कीमत पर तेजी’ वाली रणनीति पर सवाल खड़े किए हैं। कर्मचारियों ने नौकरी की सुरक्षा, काम के बढ़ते दबाव, ग्राहकों की सुरक्षा और पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंता जताई है। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Microsoft ने 60 हजार कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया है। कंपनी के CEO सत्या नडेला ने भविष्य के ऐसे ऑफिस की कल्पना की है, जहां करीब 2 लाख कर्मचारी 20 लाख या यहां तक कि 2 करोड़ AI एजेंट के साथ मिलकर काम कर सकते हैं।
‘Concerned Microsoft Workers’ नाम से सामने आए इस समूह ने अपनी चिट्ठी में कहा है कि कंपनी AI तकनीक को विकसित करने और बाजार में उतारने की रफ्तार पर जरूरत से ज्यादा जोर दे रही है। कर्मचारियों का मानना है कि AI से जुड़े फैसलों में उन लोगों की भी राय ली जानी चाहिए, जिन पर इन बदलावों का सीधा असर पड़ता है।
The New York Times की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पत्र 26 अक्टूबर को बायआउट ऑफर की घोषणा से पहले ही कर्मचारियों के बीच प्रसारित होने लगा था। इसमें AI के इस्तेमाल को लेकर कर्मचारियों को इनाम देने या उन्हें दंडित करने की नीति पर भी सवाल उठाए गए हैं।
पत्र में कर्मचारियों ने बढ़ते काम के बोझ, बार-बार होने वाले संगठनात्मक बदलाव और भविष्य की नौकरियों को लेकर अनिश्चितता का मुद्दा उठाया है। उनका कहना है कि AI को लागू करने की प्रक्रिया में कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए। तकनीक का इस्तेमाल किस तरह होगा, इसका फैसला केवल शीर्ष प्रबंधन तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
Microsoft ने 26 अक्टूबर को Voluntary Exit Offer (VEO) पेश किया था। यह योजना भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में चुनिंदा टीमों के लेवल 70 और उससे नीचे के पात्र कर्मचारियों के लिए है। कर्मचारियों को 9 दिसंबर तक ऑफर स्वीकार करने का फैसला करना है। इसे स्वीकार करने वालों की नौकरी 31 दिसंबर को समाप्त होगी। उन्हें कम से कम आठ सप्ताह के बेसिक वेतन के बराबर भुगतान मिलेगा। वास्तविक राशि पद और कंपनी में सेवा की अवधि के आधार पर अलग-अलग होगी। Microsoft ने 2023 में करीब 10 हजार और 2025 में 15 हजार से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की थी। इस साल भी करीब 8,600 अमेरिकी कर्मचारियों को रिटायरमेंट-आधारित बायआउट का विकल्प दिया गया था, जिनमें लगभग 30 फीसदी ने इसे स्वीकार किया।
कंपनी में जून के अंत तक 2.23 लाख पूर्णकालिक कर्मचारी थे। ऐसे में AI विस्तार, पुनर्गठन और बायआउट के बीच कर्मचारियों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। हालांकि, कंपनी ने बायआउट को सीधे AI के कारण नौकरियां घटाने की योजना नहीं बताया है।
