AI की बढ़ती ताकत से HFCL की बल्ले बल्ले, मिला 834 करोड़ का एक्सपोर्ट ऑर्डर

AI की बढ़ती ताकत से HFCL की बल्ले बल्ले, मिला 834 करोड़ का एक्सपोर्ट ऑर्डर

• जून 2027 तक करनी होगी सप्लाई, विदेशी बाजार में HFCL को लगातार मिल रहे हजारों करोड़ के ऑर्डर

• सितंबर में भी मिला था ₹2,329 करोड़ का विदेशी ठेका

• उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर 400 करोड़ लगाएगी कंपनी, बढ़ेगी ऑप्टिकल फाइबर की ताकत

₹10,000 करोड़ के रेवेन्यू की तैयारी, HFCL ने तेज किया विस्तार अभियान

• ऑप्टिकल फाइबर कारोबार में HFCL की छलांग, मुनाफा ₹72 करोड़ से बढ़कर ₹394 करोड़

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर की दुनिया में तेजी से बढ़ती मांग भारतीय टेलीकॉम उपकरण निर्माता कंपनी HFCL के लिए बड़े कारोबारी अवसर लेकर आई है। कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए करीब 834.36 करोड़ रुपये के एक्सपोर्ट ऑर्डर हासिल किए हैं। इस ऑर्डर के तहत HFCL अपने विदेशी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी के माध्यम से एक अंतरराष्ट्रीय ग्राहक को ऑप्टिकल फाइबर केबल की आपूर्ति करेगी। इन ऑर्डर को जून 2027 तक पूरा करना है।

कंपनी के मुताबिक, यह ऑर्डर उसकी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, तकनीकी दक्षता और उत्पादों की गुणवत्ता पर अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के भरोसे को दर्शाता है। खास बात यह है कि AI डेटा सेंटर, क्लाउड कंप्यूटिंग और हाई-स्पीड इंटरनेट नेटवर्क के विस्तार से ऑप्टिकल फाइबर केबल की मांग लगातार बढ़ रही है। इसका सीधा फायदा HFCL जैसी कंपनियों को मिल रहा है।

HFCL को सितंबर में भी ग्लोबल मल्टीनेशनल कॉरपोरेशन से 244 मिलियन डॉलर (करीब 2,329 करोड़) रुपये का एक्सपोर्ट ऑर्डर हासिल किया था। तीन साल के इस समझौते के तहत कंपनी को उच्च गुणवत्ता वाली ऑप्टिकल फाइबर केबल की आपूर्ति करनी है।

कंपनी के वित्तीय नतीजे भी शानदार रहे हैं। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में HFCL का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 394.22 करोड़ रुपये पहुंच गया। मुनाफे में कई गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी का ऑपरेशन से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू भी दोगुने से ज्यादा बढ़कर 2,541.79 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 1,043.34 करोड़ रुपये था। कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2029 की तय समयसीमा से पहले ही 10,000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू का आंकड़ा पार करना है।

HFCL के बोर्ड ने ऑप्टिकल फाइबर और ऑप्टिकल फाइबर केबल की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता के विस्तार के लिए करीब 400 करोड़ रुपये के नए निवेश को मंजूरी दी है। कंपनी को उम्मीद है कि विस्तार परियोजना जुलाई 2028 तक पूरी हो जाएगी।

दुनियाभर में AI तकनीक, क्लाउड सर्विस, 5G नेटवर्क और डेटा सेंटर का तेजी से विस्तार हो रहा है। इन सभी के लिए हाई-स्पीड और अधिक क्षमता वाले ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क की जरूरत पड़ती है। यही वजह है कि HFCL भविष्य की इस मांग को देखते हुए उत्पादन क्षमता बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करने की तैयारी कर रही है।