Kia का भारत में 18,000 करोड़ रुपये का मेगा निवेश, आंध्र में लगेगा दूसरा प्लांट!

Kia का भारत में 18,000 करोड़ रुपये का मेगा निवेश, आंध्र में लगेगा दूसरा प्लांट!

• 12 हजार नौकरियां, छह लाख कारें बनाने का मेगा प्लान

2030 में शुरू होगा दूसरा कारखाना, 2 अरब डॉलर लगाएगी कंपनी

• Kia का मेगा मिशन 2030, नए प्लांट में बनेंगी पेट्रोल और इलेक्ट्रिक कारें

भारत के तेजी से बढ़ते ऑटोमोबाइल बाजार पर दुनिया की दिग्गज कार निर्माता कंपनी Kia India ने बड़ा दांव लगाया है। कंपनी आंध्र प्रदेश में अपना दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने जा रही है। इसके लिए Kia और उसके सप्लायर पार्टनर्स मिलकर 2 अरब डॉलर यानी करीब 18,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। इस मेगा प्रोजेक्ट से लगभग 12,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। कंपनी ने 12 नवंबर 2026 को आंध्र प्रदेश सरकार के साथ इस संबंध में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस नए प्लांट के शुरू होने के बाद भारत में Kia की कुल सालाना उत्पादन क्षमता 6 लाख यूनिट से ज्यादा हो जाएगी। कंपनी की योजना भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ विदेशों में भी कारों का निर्यात बढ़ाने की है।

Kia का दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में स्थापित किया जाएगा। कंपनी और उसके सप्लायर पार्टनर्स के लिए कुल 465 एकड़ जमीन निर्धारित की गई है। इस नए प्लांट में सालाना 2 लाख कारों का उत्पादन किया जा सकेगा। इसकी खास बात यह है कि यहां कारों की स्टैम्पिंग, वेल्डिंग, पेंटिंग और असेंबली जैसे सभी प्रमुख काम होंगे। कंपनी के मुताबिक, नए प्लांट में उत्पादन की शुरुआत 2030 की शुरुआत में होने की योजना है। इस विस्तार के साथ भारत में Kia का कुल निवेश बढ़कर 5 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा। इसमें मौजूदा और प्रस्तावित दोनों प्लांट शामिल हैं। फिलहाल अनंतपुर में कंपनी की मौजूदा फैक्ट्री 945 एकड़ में फैली है। यहां सालाना 4.30 लाख वाहनों का उत्पादन करने की क्षमता है। इस प्लांट में कंपनी 2.9 अरब डॉलर का शुरुआती निवेश कर चुकी है।

नए प्लांट में कंपनी पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन वाले नए मॉडल तैयार करने की योजना बना रही है। इससे Kia को बदलती ग्राहकों की पसंद के मुताबिक तेजी से नए वाहन बाजार में उतारने में मदद मिलेगी। कंपनी की रणनीति पारंपरिक इंजन वाली कारों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन को भी मजबूत करने की है।

इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा रोजगार के मोर्चे पर देखने को मिलेगा। कंपनी और उसके सप्लायर पार्टनर्स के निवेश से करीब 12,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा होने का अनुमान है। इससे आंध्र प्रदेश में ऑटोमोबाइल उद्योग, छोटे कारोबार और सप्लाई चेन को भी मजबूती मिलेगी। Kia का यह निवेश भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए बड़ा कदम है। इससे न केवल कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, बल्कि भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में भी नई ताकत मिलेगी।