फेस्टिव सीजन से पहले बजाज का मास्टरस्ट्रोक, 45 दिन में आएंगी 3 बाइक, दो नए ब्रैंड्स

फेस्टिव सीजन से पहले बजाज का मास्टरस्ट्रोक, 45 दिन में आएंगी 3 बाइक, दो नए ब्रैंड्स

• पल्सर 125 और 150 का नया अवतार लॉन्च
• जुलाई में बजाज की कुल बिक्री 30% उछली
• बजाज का टारगेट साफ: नई बाइक, नए ग्राहक और नई रफ्तार

नई दिल्ली। बजाज ऑटो अगले 45 दिनों में तीन नए प्रोडक्ट दो नए ब्रैंड मार्केट में लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी का मकसद नए ग्राहकों को जोड़ने के साथ पुराने ग्राहकों को भी अपग्रेड के लिए आकर्षित करना है। कंपनी को आने वाले फेस्टिव सीजन में दोपहिया वाहनों की मांग मजबूत रहने की उम्मीद है। हालांकि, फिलहाल 125cc मोटरसाइकिल सेगमेंट की रफ्तार बाकी बाजार के मुकाबले कुछ धीमी है। इसी को देखते हुए बजाज ने अपनी लोकप्रिय पल्सर 125 और पल्सर 150 को नए फीचर्स और तकनीक के साथ अपडेट किया है। बजाज ऑटो के एमडी राजीव शर्मा ने बताया कि पिछले साल अक्टूबर से कंपनी 12 मॉडल बाजार में उतार चुकी है।
बजाज ने पल्सर 125 और पल्सर 150 के अपडेटेड मॉडल लॉन्च किए। दिल्ली में इनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत क्रमशः ₹92,900 और ₹1.15 लाख रखी गई है। कंपनी ने माना कि 125cc और 150cc जैसे मॉडल में एक तरह की ‘थकान’ दिखाई देने लगी थी। कंपनी का कहना है कि अगर कोई ग्राहक कई साल से लगभग एक जैसी बाइक देख रहा है तो नई बाइक खरीदने के लिए उसके पास उत्साह कम हो सकता है। बजाज अब नए फीचर्स और तकनीक के जरिए उसी उत्साह को वापस लाना चाहती है।
बजाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती फिलहाल 125cc सेगमेंट है। जुलाई में कंपनी की कुल बिक्री 30% बढ़कर 4,74,677 यूनिट हो गई, जबकि पिछले साल जुलाई में यह 3,66,000 यूनिट थी। घरेलू बिक्री भी 20% बढ़कर 2,20,192 यूनिट पहुंची। लेकिन पल्सर 125 की बिक्री में सालाना आधार पर करीब 38% की गिरावट दर्ज हुई। पल्सर 150 की बिक्री भी करीब 67% घट गई। बजाज को इस साल फेस्टिव सीजन में बाजार की मांग मजबूत रहने की उम्मीद है। कंपनी का कहना है कि हाल की कीमत बढ़ोतरी का असर पड़ने के बावजूद जुलाई और अगस्त में मांग मजबूत रही।
बजाज ऑटो ऐसे समय में अपनी चाल तेज कर रही है जब भारतीय दोपहिया बाजार में मांग मजबूत है, लेकिन ग्राहकों की पसंद तेजी से बदल रही है। पेट्रोल बाइक के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों की चुनौती बढ़ रही है और युवा ग्राहक ज्यादा फीचर्स और बेहतर तकनीक चाहते हैं। ऐसे में आने वाले फेस्टिव सीजन में बजाज के लिए असली परीक्षा यह होगी कि नई पल्सर, नए प्रोडक्ट और नए ब्रांड ग्राहकों को कितना आकर्षित कर पाते हैं।