Honda Rebel 500 की 96 बाइक्स का रिकॉल, हैंडल-लॉक स्क्रू में मिली खामी

Honda Rebel 500 की 96 बाइक्स का रिकॉल, हैंडल-लॉक स्क्रू में मिली खामी

• Honda का बड़ा सेफ्टी एक्शन! नवंबर में फ्री में बदला जाएगा स्क्रू,

हैंडल-लॉक स्क्रू ढीला होने का खतरा, रिकॉल अभियान में अप्रैल-अगस्त 2025 में बनी बाइकें शामिल

Honda BigWing पर होगा मुफ्त काम, Rebel 500 के प्रभावित ग्राहकों को बुलाया जाएगा

 Honda Motorcycle & Scooter India (HMSI) ने Rebel 500 मोटरसाइकिलों के लिए स्वैच्छिक रिकॉल अभियान का ऐलान किया है। कंपनी के मुताबिक, इस अभियान के तहत अप्रैल 2025 से अगस्त 2025 के बीच बनी 96 Rebel 500 बाइक्स की जांच और जरूरी पार्ट रिप्लेसमेंट किया जाएगा।

Honda ने बताया कि प्रभावित मोटरसाइकिलों में हैंडल-लॉक फिक्सिंग स्क्रू असेंबली के दौरान निर्धारित टॉर्क के मुताबिक टाइट नहीं हुआ हो सकता है। ऐसी स्थिति में स्क्रू ढीला हो सकता है और इससे स्टीयरिंग की मूवमेंट प्रभावित होने की संभावना है। कंपनी ने इसे एहतियाती कदम बताते हुए प्रभावित सभी मोटरसाइकिलों में हैंडल-लॉक स्क्रू को बिना किसी शुल्क के बदला जाएगा, चाहे बाइक वारंटी में हो या नहीं।

Honda के अनुसार, 30 सितंबर 2026 तक भारत में इस समस्या से जुड़ी किसी घटना की सूचना नहीं मिली है। इसके बावजूद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने रिकॉल अभियान शुरू करने का फैसला किया है।

रिकॉल अभियान नवंबर 2026 के पहले सप्ताह से अधिकृत Honda BigWing डीलरशिप पर शुरू होगा। कंपनी प्रभावित ग्राहकों से फोन, ईमेल या SMS के जरिए संपर्क करेगी और स्क्रू रिप्लेसमेंट के लिए अपॉइंटमेंट तय किया जाएगा।

Rebel 500 मालिक अपनी बाइक इस रिकॉल में शामिल है या नहीं, यह Vehicle Identification Number (VIN) के जरिए HMSI की वेबसाइट के रिकॉल कैंपेन सेक्शन में चेक कर सकते हैं।

अगर बाइक प्रभावित सूची में आती है, तो ग्राहक को नजदीकी अधिकृत Honda BigWing डीलरशिप से संपर्क करके अपॉइंटमेंट लेना होगा।

Honda Motorcycle & Scooter India, Honda Motor Co., Ltd., Japan की पूर्ण स्वामित्व वाली भारतीय कंपनी है। HMSI भारत में मोटरसाइकिल और स्कूटर का निर्माण करती है और घरेलू बाजार के साथ-साथ एक्सपोर्ट भी करती है।

कंपनी के भारत में मानेसर, टपुकारा, नरसापुरा और विठ्ठलपुर में चार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं। HMSI के मुताबिक, उसका नेटवर्क 7,000 से ज्यादा टचपॉइंट तक फैला है। कंपनी 7.6 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों को सेवा दे चुकी है।