नई दिल्ली। कभी देश की सबसे सस्ती कार के तौर पर सुर्खियां बटोरने वाली Tata Nano की वापसी की उम्मीद फिर जगी है। Tata Motors के इंडिया डिजाइन हेड अजय जैन ने NANO की संभावित वापसी पर कहा कि उन्हें खुशी होगी, अगर यह कार आने वाले वर्षों में फिर से सड़कों पर दिखाई दे, ‘शायद इलेक्ट्रिक अवतार में।’ हालांकि, कंपनी ने अभी नैनो EV लॉन्च करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
2009 में जब NANO बाजार में आई थी, तब भारतीय कार बाजार आज से बिल्कुल अलग था। कार को बेहद कम कीमत में पेश किया गया था। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा लोगों को चार पहिया वाहन तक पहुंचाना था। लेकिन ‘दुनिया की सबसे सस्ती कार’ वाली छवि ही बाद में इसकी सबसे बड़ी चुनौती बन गई। बहुत से ग्राहक सस्ती कार के बजाय थोड़ा ज्यादा पैसा खर्च करके बड़ी हैचबैक खरीदना पसंद करने लगे। आज तस्वीर बदल चुकी है। इलेक्ट्रिक कारों को ग्राहक तेजी से स्वीकार कर रहे हैं और शहरों में छोटी, आसानी से चलने वाली कारों की जरूरत भी बनी हुई है। ऐसे में कम आकार और कम रनिंग कॉस्ट वाली इलेक्ट्रिक नैनो को पहले के मुकाबले बेहतर बाजार मिल सकता है।
Tata Motors के पास इस समय इलेक्ट्रिक कारों की मजबूत रेंज है। जुलाई 2026 में कंपनी ने 13,678 इलेक्ट्रिक कारों की रिटेल बिक्री की, जो कुल इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल बाजार का करीब 41.54 फीसदी रही। टाटा के EV पोर्टफोलियो में Tiago EV, Punch EV, Nexon EV, Curvv EV, Harrier EV और Sierra EV जैसे मॉडल हैं। इसके बावजूद कंपनी के पास एक ऐसी छोटी और किफायती इलेक्ट्रिक कार के लिए जगह बन सकती है, जो Tiago EV से भी नीचे कीमत और आकार में हो।
NANO को इलेक्ट्रिक बनाने की कोशिश नई नहीं है। टाटा मोटर्स और कोयंबटूर की Jayem Automotives ने पहले Jayem Neo नाम से नैनो आधारित इलेक्ट्रिक कार तैयार की थी। इसमें पेट्रोल इंजन की जगह इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई थी और इसे मुख्य रूप से फ्लीट इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया था। इस मॉडल में 17 kWh की बैटरी और करीब 130 किमी की दावा की गई रेंज बताई गई थी। अगर टाटा NANO को दोबारा बाजार में उतारती है तो वह पुरानी नैनो की सीधी कॉपी शायद नहीं होगी। नई इलेक्ट्रिक नैनो में बेहतर सेफ्टी, ज्यादा आरामदायक केबिन, आधुनिक फीचर्स और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। मौजूदा बैटरी तकनीक और टाटा के EV अनुभव को देखते हुए 200 किमी या उससे ज्यादा की रेंज वाली छोटी इलेक्ट्रिक कार की संभावना भी बनती है।
