• इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में Hero की बड़ी छलांग, उत्पादन क्षमता दोगुनी से भी ज्यादा होगी
• डिमांड इतनी कि डीलरों के पास सिर्फ एक दिन का स्टॉक, Hero बढ़ाएगी EV प्रोडक्शन
• मार्च तक 45 हजार और 2028 तक 80 हजार! Vida के लिए Hero का मेगा प्लान
नवरात्र में इलेक्ट्रिक दोपहिया की बिक्री 33% उछली, Hero ने बढ़ाया EV उत्पादन का लक्ष्य
इलेक्ट्रिक स्कूटर की बढ़ती मांग को देखते हुए Hero MotoCorp ने अपनी उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा करने की तैयारी कर ली है। कंपनी वित्त वर्ष 2027-28 की दूसरी तिमाही (Q2 FY28) तक अपने Vida इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मासिक उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 80,000 यूनिट से अधिक करना चाहती है। फिलहाल कंपनी हर महीने 30,000 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बनाने में सक्षम है। इसे मार्च के अंत तक बढ़ाकर 45,000 यूनिट करने का लक्ष्य है। इसके बाद अगले वित्त वर्ष में उत्पादन क्षमता को और विस्तार दिया जाएगा। कंपनी के CEO हर्षवर्धन चितले ने बताया कि बाजार में मांग इतनी मजबूत है कि फिलहाल उत्पादन उसकी रफ्तार से तालमेल नहीं बैठा पा रहा है।
Hero MotoCorp ने वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में अपनी इलेक्ट्रिक दोपहिया उत्पादन क्षमता 15,000 यूनिट प्रति माह रखी थी। कंपनी इसे दोगुना करके अब 30,000 यूनिट तक पहुंचा चुकी है। अब अगला लक्ष्य चौथी तिमाही में इसे 45,000 यूनिट तक ले जाना है। इसके बाद Q2 FY28 तक 80,000 यूनिट से अधिक मासिक क्षमता हासिल करने की योजना है।
भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। खासकर स्कूटर सेगमेंट में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 20 फीसदी से अधिक हो चुकी है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स असोसिएशन (FADA) के आंकड़ों के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन 33 फीसदी बढ़कर 75,758 यूनिट पर पहुंच गया। इसके उलट, इसी अवधि में कुल दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन करीब 3 फीसदी घटकर 8.34 लाख यूनिट रहा।
इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए दूसरी कंपनियां भी उत्पादन बढ़ाने में जुटी हैं। बाजार में TVS Motor पहले स्थान पर है। इसके बाद Bajaj Auto, Ather Energy और Hero MotoCorp का नंबर आता है। TVS Motor और Bajaj Auto मार्च तक अपनी मासिक क्षमता 80,000 यूनिट करने का लक्ष्य रख रही हैं। वहीं, Ather Energy जुलाई-सितंबर तक अपनी नई फैक्ट्री के जरिए करीब 95,000 यूनिट की क्षमता हासिल करना चाहती है।
Hero MotoCorp सिर्फ उत्पादन ही नहीं, बल्कि Vida की बिक्री का नेटवर्क भी मजबूत करना चाहती है। फिलहाल Vida इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन करीब 700 रिटेल आउटलेट के जरिए बेचे जा रहे हैं। कंपनी के पास कुल मिलाकर लगभग 8,500 बिक्री केंद्र हैं। ऐसे में आने वाले समय में Vida की पहुंच बढ़ाने की काफी गुंजाइश है। कंपनी का मानना है कि बेहतर उत्पाद और पर्याप्त उपलब्धता के साथ रिटेल नेटवर्क का विस्तार उसकी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
