• जेब में नहीं, iPhone में रहेगी कार की चाबी, 3 नए ब्रांड की एंट्री के संकेत
• Lincoln, Freelander और Lucid की हो सकती है एंट्री
• Apple Wallet में बढ़ने वाला है Car Key का दायरा
नई दिल्ली। घर से निकलते वक्त अगर कार की चाबी भूल जाएं तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जेब में रखा आपका iPhone ही कार की चाबी का काम कर सकता है। Apple अपने Car Key फीचर का दायरा बढ़ाने की तैयारी में है। Apple के बैकएंड कोड में Lincoln, Freelander और Lucid के नाम दिखाई दिए हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले समय में इन ब्रैंड की चुनिंदा कारों में Apple Wallet के जरिए डिजिटल चाबी इस्तेमाल की जा सकती है।
Apple Car Key का आइडिया काफी सीधा है। फिजिकल चाबी साथ रखने की जरूरत कम होगी और iPhone को ही डिजिटल चाबी बना दीजिए। सपोर्टेड कार में iPhone या Apple Watch की मदद से कार को लॉक और अनलॉक किया जा सकता है। कुछ वाहनों में इसी डिजिटल चाबी से कार स्टार्ट करने की सुविधा भी मिलती है। आने वाले समय में कार के पास पहुंचते ही जेब से चाबी खोजने के बजाय फोन निकालना ही काफी हो सकता है। Apple के बैकएंड कोड में Lincoln, Freelander और Lucid के नाम मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि इन कंपनियों की सभी कारों में Car Key तुरंत काम करने लगेगा। Apple ने अभी इन ब्रांड के लिए आधिकारिक तौर पर लॉन्च डेट या मॉडल की जानकारी नहीं दी है।
इन तीन नामों में Lucid पूरी तरह नया नहीं है। इसका नाम पहले भी उन वाहन ब्रांडों की सूची में सामने आ चुका है, जिन्हें Apple Car Key सपोर्ट देने की तैयारी कर रहा था। वहीं Lincoln और Freelander की एंट्री हालिया खोज को ज्यादा दिलचस्प बनाती है। इससे पहले Apple के कोड में GWM के Tank और Haval से जुड़े संकेत भी सामने आए थे। कंपनी धीरे-धीरे डिजिटल कार चाबी का नेटवर्क बढ़ाती दिखाई दे रही है।
Apple Car Key कोई बिल्कुल नया फीचर नहीं है। इसे Apple ने पहली बार 2020 में WWDC के दौरान पेश किया था। इसके जरिए iPhone और Apple Watch को कार की डिजिटल चाबी के रूप में इस्तेमाल करने का रास्ता खुला।आज यह सुविधा कई वाहन कंपनियों के चुनिंदा मॉडलों में उपलब्ध है। इनमें BMW, Mercedes-Benz, Hyundai, Kia, Genesis, Toyota और Rivian जैसे ब्रांड शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 50 से ज्यादा वाहन मॉडल Car Key को सपोर्ट करते हैं।
हालांकि अपनी कार की असली चाबी दराज में बंद करने की जरूरत अभी नहीं है। Lincoln, Freelander और Lucid के लिए Car Key सपोर्ट की आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है।
आज Wallet में पैसे और कार्ड हैं, कल उसी Wallet में कार की चाबी भी हो सकती है। बस फर्क इतना होगा कि चाबी की खनक की जगह iPhone आपकी कार का दरवाजा खोलेगा!
