फेस्टिव सीजन से पहले ऑटो मार्केट में धमाका, कारों की मांग में 36.5 % उछाल

फेस्टिव सीजन से पहले ऑटो मार्केट में धमाका, कारों की मांग में 36.5 % उछाल

• कार, स्कूटर और तीन पहिया वाहनों ने बनाया अगस्त का रिकॉर्ड

• अगस्त में 31.57 लाख वाहनों का उत्पादन, स्कूटरों ने भी दिखाया दम

• अगस्त में दोपहिया वाहनों की बाजार आपूर्ति 10.5% बढ़ी : SIAM

नई दिल्ली। भारतीय ऑटो बाजार ने अगस्त में जोरदार रफ्तार दिखाई। कारों से लेकर स्कूटर और तीनपहिया वाहनों तक की मांग मजबूत रही। ऑटो उद्योग के संगठन सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2026 में यात्री वाहनों की बाजार मंं आपूर्ति पिछले साल के मुकाबले 36.5 प्रतिशत बढ़कर 4,39,309 इकाई पहुंच गई। अगस्त के लिहाज से यह अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है। पिछले साल अगस्त में यह संख्या 3,21,901 इकाई थी। यानी एक साल में बाजार में करीब 1.17 लाख ज्यादा यात्री वाहन पहुंचे।
ऑटो बाजार की यह तेजी सिर्फ कारों तक सीमित नहीं रही। दोपहिया वाहनों की बाजार में आपूर्ति भी 10.5 प्रतिशत बढ़कर 20,34,698 इकाई पहुंच गई। इस बढ़त में स्कूटरों ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई। अगस्त में स्कूटरों की संख्या 23.8 प्रतिशत बढ़कर 8,55,715 इकाई रही। मोटरसाइकिलों की संख्या 2.4 प्रतिशत बढ़कर 11,33,047 इकाई और मोपेड की संख्या 4.7 प्रतिशत बढ़कर 45,936 इकाई पहुंच गई।
तीनपहिया वाहनों ने भी अगस्त में दमदार प्रदर्शन किया। इनकी बाजार में आपूर्ति 22.8 प्रतिशत बढ़कर 93,764 इकाई हो गई। यात्री वाहन वाले तीनपहिया वाहनों की संख्या 22.4 प्रतिशत बढ़कर 78,680 इकाई रही, जबकि सामान ढोने वाले तीनपहिया वाहनों में 34.9 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी हुई और इनकी संख्या 13,320 इकाई पहुंच गई। हालांकि, ई-रिक्शा की संख्या 6 प्रतिशत और ई-कार्ट की संख्या 38.3 प्रतिशत घट गई।
अगस्त में ऑटो उद्योग ने यात्री वाहनों, दोपहिया, तीनपहिया और क्वाड्रिसाइकिल को मिलाकर कुल 31,57,822 वाहन बनाए। कुछ कंपनियों के उत्पादन के आंकड़े उपलब्ध नहीं होने के कारण यह कुल संख्या पूरी उद्योग तस्वीर को पूरी तरह नहीं दर्शाती। BMW, Mercedes-Benz, Jaguar Land Rover, Tata Motors और Volvo Auto के उत्पादन आंकड़े उपलब्ध नहीं थे। हालांकि, यात्री वाहनों की कुल बाजार आपूर्ति में Tata Motors के घरेलू आंकड़े शामिल किए गए हैं।
SIAM के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि ऑटो उद्योग मजबूत वृद्धि के दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि अगस्त में दर्ज तेज वृद्धि का एक कारण पिछले साल का अपेक्षाकृत कमजोर आधार भी है। उनके मुताबिक, उपभोक्ताओं का मजबूत भरोसा, ग्रामीण बाजार में मजबूती, वाहन ऋण की बेहतर होती स्थितियां और वैकल्पिक ईंधन व नई तकनीक वाले वाहनों को तेजी से अपनाया जाना बाजार के लिए सकारात्मक माहौल तैयार कर रहा है।
अगस्त के आंकड़ों ने ऐसे समय में ऑटो बाजार की मजबूती दिखाई है, जब त्योहारी मौसम की शुरुआत हो चुकी है। कारों, स्कूटरों और तीनपहिया वाहनों की रिकॉर्ड बाजार आपूर्ति से कंपनियों को आने वाले महीनों में मांग को लेकर बेहतर संकेत मिले हैं। अब त्योहारी खरीदारी के दौरान ग्राहकों का रुझान बाजार की अगली तस्वीर तय करेगा।