3.80 करोड़ रुपये की Mercedes-AMG G63 Offroad PRO लॉन्च

3.80 करोड़ रुपये की Mercedes-AMG G63 Offroad PRO लॉन्च

ऑफ-रोडिंग के लिए पावर और टेक्नोलॉजी का जबरदस्त पैकेज

पहाड़, रेत और पत्थर… हर रास्ते के लिए तैयार Mercedes-AMG G63 Offroad PRO

Mercedes-Benz ने भारतीय बाजार में अपनी दमदार Mercedes-AMG G63 Offroad PRO लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹3.80 करोड़ है। यह लिमिटेड नंबर में उपलब्ध होगी और इसे खास तौर पर ऐसे ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है, जो लग्जरी के साथ जबरदस्त ऑफ-रोड क्षमता चाहते हैं।
585 HP की ताकत, 850 Nm का टॉर्क
G63 Offroad PRO में वही 4.0-लीटर ट्विन-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन दिया गया है। इसके साथ 48V माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम भी मिलता है। इंजन 585 hp की पावर और 850 Nm का टॉर्क पैदा करता है। हाइब्रिड सिस्टम जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त 15 kW पावर देता है।
यह SUV सिर्फ 4.4 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड इलेक्ट्रॉनिक रूप से 240 किमी/घंटा तक सीमित है।
ऑफ-रोडिंग के लिए खास तैयारी
G63 Offroad PRO को सामान्य G63 से ज्यादा ऑफ-रोड क्षमता के साथ तैयार किया गया है। इसमें AMG Performance 4MATIC ऑल-व्हील ड्राइव और AMG Active Ride Control सस्पेंशन दिया गया है।
सस्पेंशन में एक्टिव रोल स्टेबिलाइजेशन मिलता है। ड्राइवर इलाके के हिसाब से इसकी सख्ती को तीन अलग-अलग स्तरों पर एडजस्ट कर सकता है। इससे मुश्किल रास्तों पर व्हील आर्टिकुलेशन, ट्रैक्शन और SUV की स्थिरता बेहतर करने में मदद मिलती है। इस SUV में AMG Traction PRO सिस्टम दिया गया है। यह खास तौर पर Rock और Sand ड्राइव मोड में काम करता है। सिस्टम जरूरत के मुताबिक अलग-अलग पहियों पर ब्रेकिंग फोर्स को नियंत्रित करता है, जिससे मुश्किल सतह पर पकड़ बेहतर रहती है। ड्राइवर ट्रैक्शन सिस्टम के लॉकिंग इफेक्ट को 7 अलग-अलग स्तरों पर सेट कर सकता है। G63 Offroad PRO में एक खास ऑफ-रोड इंटरफेस दिया गया है। इसमें वाहन की पोजिशन, कंपास दिशा, ऊंचाई, स्टीयरिंग एंगल, टायर प्रेशर और डिफरेंशियल लॉक की स्थिति जैसी जानकारी देखी जा सकती है। इसमें Transparent Hood फीचर भी है। कैमरों की मदद से ड्राइवर को गाड़ी के अगले हिस्से के नीचे की वर्चुअल तस्वीर दिखाई जाती है। इससे बड़े पत्थरों या मुश्किल रास्तों पर वाहन चलाने में मदद मिलती है।
Offroad PRO में AMG स्पेसिफिक बंपर, स्टेनलेस-स्टील इंसर्ट और खास AMG बैजिंग दी गई है। SUV में 20-इंच AMG पांच-ट्विन-स्पोक अलॉय व्हील मिलते हैं, जिन पर 275/50 R20 टायर लगाए गए हैं।
इसमें प्रोफेशनल रूफ लगेज रैक भी दिया गया है। इसमें एल्युमीनियम पैनल के साथ पीछे की तरफ एक्सेस लैडर भी मिलती है, जिससे ऑफ-रोड एडवेंचर के दौरान अतिरिक्त सामान ले जाना आसान होगा।
केबिन में Mercedes का MBUX NTG7 इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसमें दो 12.3-इंच डिस्प्ले, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, ऑगमेंटेड रियलिटी नेविगेशन और कई USB-C पोर्ट मिलते हैं। केबिन में Nappa लेदर, एम्बिएंट लाइटिंग और 18-स्पीकर वाला 760W Burmester 3D सराउंड साउंड सिस्टम दिया गया है। सुरक्षा के लिए Active Brake Assist, Lane Keeping Assist और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
₹3.80 करोड़ की Mercedes-AMG G63 Offroad PRO को सीमित संख्या में पेश किया गया है। इसमें G63 की दमदार V8 परफॉर्मेंस के साथ खास ऑफ-रोड हार्डवेयर, नई तकनीक और लग्जरी फीचर्स का संयोजन मिलता है। यानी यह SUV सिर्फ सड़क पर तेज दौड़ने के लिए नहीं, बल्कि मुश्किल रास्तों पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए भी तैयार की गई है।