• टोल की लाइन और रोज का खर्च दोनों खत्म 20 किमी के दायरे में रहते हैं तो ₹350 में मिलेगा टोल पास
• 121 टोल प्लाजा पर शुरू हुई डिजिटल सुविधा, मोबाइल से बनेगा डिजिटल पास
नैशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने देशभर के 121 टोल प्लाजा पर डिजिटल लोकल पास की सुविधा शुरू कर दी है। टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग अब राजमार्गयात्रा (RajmargYatra) ऐप के जरिए मासिक पास ले सकेंगे। गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए इस पास की कीमत ₹350 प्रति माह है।
डिजिटल लोकल पास के लिए अब टोल प्लाजा पर जाकर कागजी दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी। आवेदन RajmargYatra ऐप से ऑनलाइन किया जा सकेगा। आवेदक के पते की जांच DigiLocker, वाहन की जानकारी का सत्यापन VAHAN डेटाबेस और FASTag की जानकारी से किया जाएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद पास डिजिटल रूप से जारी होगा।
यह सुविधा उन लोगों के लिए है जो संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं। पास केवल गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए उपलब्ध है। पात्र वाहन मालिक ₹350 का मासिक पास लेकर संबंधित टोल प्लाजा से आवागमन कर सकेंगे।
NHAI की यह व्यवस्था टोल वसूली को ज्यादा डिजिटल और आसान बनाने की दिशा में एक कदम है। खासकर उन इलाकों में रहने वाले लोगों को इससे राहत मिलेगी, जहां टोल प्लाजा पर बिना मानवीय हस्तक्षेप के वाहन गुजर रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, कई स्थानीय लोगों को टोल भुगतान नहीं होने पर ई-नोटिस मिल रहे थे। डिजिटल पास को FASTag से जोड़ने से यह समस्या कम होगी। पात्र लोगों के पास नहीं होने पर उन्हें जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है, जिसमें कुछ मामलों में दोगुना टोल भी देना पड़ सकता है।
यह सुविधा भारत में मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) यानी बिना बैरियर वाली टोल व्यवस्था को बढ़ावा देने का भी हिस्सा है। इस व्यवस्था में वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होती। जुलाई 2026 में दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से इसकी शुरुआत हुई थी। अब यह व्यवस्था छह स्थानों, चोर्यासी, मुंडका, दौलतपुरा, घरौंडा, मनोहरपुर और शाहजहांपुर में लागू है।
RajmargYatra ऐप पर डिजिटल लोकल पास देने वाले टोल प्लाजा की अपडेटेड सूची उपलब्ध है। नए स्थानों में हरियाणा का बरताना, उत्तर प्रदेश का भारतकुंड, आंध्र प्रदेश का भ्रमानापल्ली, तमिलनाडु का बूथाकुडी, मध्य प्रदेश का चिखलीकला और बिहार का देवकुली शामिल हैं। अगर आप टोल प्लाजा के 20 किमी के दायरे में रहते हैं और आपका वाहन निजी है तो ₹350 का डिजिटल मासिक पास लेकर बार-बार टोल भुगतान की परेशानी से बच सकते हैं।
