TESLA Cybertruck को मिला मिलिट्री मेकओवर, अब रफटफ आर्मी स्टाइल लुक

नई दिल्ली: Tesla Cybertruck वैसे ही दुनिया की सबसे अलग दिखने वाली इलेक्ट्रिक गाड़ियों में गिनी जाती है। इसका डिजाइन पारंपरिक पिकअप ट्रक जैसा नहीं बल्कि किसी साइंस-फिक्शन फिल्म की गाड़ी जैसा लगता है। लेकिन अब कुछ मालिक इसे और ज्यादा अलग और दमदार बनाना चाहते हैं। इसी को देखते हुए आफ्टरमार्केट कंपनी Unplugged Performance ने Cybertruck के लिए नया UP Invincible Expedition Package लॉन्च किया है। यह एक ऐसा कस्टम किट है, जिससे Cybertruck का लुक किसी मिलिट्री या आर्मी वाहन जैसा बनाया जा सकता है। मान लीजिए आपने एक सामान्य SUV खरीदी और बाद में उसमें बड़े टायर, ज्यादा लाइट, मजबूत बंपर और ऑफ-रोड पार्ट्स लगवा दिए। इससे गाड़ी ज्यादा रफ-टफ दिखने लगती है। Cybertruck के साथ भी कुछ ऐसा ही काफी बड़े स्तर पर किया गया है।

इस पैकेज में सबसे पहले नया फ्रंट बंपर लगाया गया है, जो पहले से ज्यादा मजबूत और भारी दिखता है। इसके साथ बुल बार जोड़ा गया है। बुल बार वह मजबूत मेटल फ्रेम होता है जो गाड़ी के आगे लगाया जाता है और ऑफ-रोडिंग या कठिन रास्तों पर सुरक्षा बढ़ाने में मदद करता है। Cybertruck में 50 इंच की LED लाइट बार लगाई गई है। रात में ऑफ-रोडिंग या कम रोशनी वाले इलाके में ज्यादा बेहतर विजिबिलिटी मिल सकती है। गाड़ी के बोनट पर कार्बन फाइबर हुड और अतिरिक्त लाइट भी जोड़ी गई है।

कंपनी ने सिर्फ लुक नहीं बदला, बल्कि ऑफ-रोड इस्तेमाल को ध्यान में रखकर कई पार्ट्स जोड़े हैं। इसमें अंडरबॉडी आर्मर दिया गया है, जो गाड़ी के नीचे के हिस्से को पत्थरों या खराब रास्तों से बचाने में मदद करता है। रॉक स्लाइडर लगाए गए हैं ताकि उबड़-खाबड़ रास्तों पर बॉडी को कम नुकसान पहुंचे। इसके साथ रूफ रैक दिया गया है, जहां अतिरिक्त सामान रखा जा सकता है।

ग्राहक चाहें तो पूरा पैकेज खरीद सकते हैं या सिर्फ जरूरत वाले पार्ट्स लगवा सकते हैं। सभी पार्ट्स बोल्ट से फिट होते हैं, इसलिए बाद में उन्हें हटाया भी जा सकता है और गाड़ी को वापस पुराने रूप में लाया जा सकता है। व्हील और परफॉर्मेंस पर भी काम किया गया है। Cybertruck के लिए नए ऑफ-रोड व्हील, बड़े टायर, बेहतर ब्रेक और सस्पेंशन अपग्रेड विकल्प दिए गए हैं। यह Tesla की नई Cybertruck नहीं है, बल्कि Cybertruck को और ज्यादा आक्रामक, ऑफ-रोड और मिलिट्री स्टाइल लुक देने वाला कस्टम पैकेज है।