नई ग्रिल, LED लाइट्स और 360° कैमरे से होगी लैस
ऑटो क्लाइमेट कंट्रोल से डिजिटल क्लस्टर तक फीचर्स की भरमार
MAHINDRA THAR के फेसलिफ्ट मॉडल की लॉन्चिंग 22 सितंबर 2026 को होने वाली है। नई थार में डिजाइन के साथ फीचर्स और केबिन में भी कई बड़े अपडेट देखने को मिल सकते हैं। सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट डिजाइन में देखने को मिल सकता है। नई थार में पांच-स्लैट वाली नई ग्रिल मिलने की उम्मीद है, जिसमें ‘Thar’ मोटिफ को शामिल किया जा सकता है। इस ग्रिल का डिजाइन हाल ही में लॉन्च हुई Thar Roxx से प्रेरित बताया जा रहा है। इससे तीन-दरवाजों वाली थार के रग्ड लुक को बरकरार रखते हुए इसे ज्यादा मॉडर्न अपीयरेंस मिल सकता है। फेसलिफ्ट में मुख्य फोकस एक्सटीरियर डिजाइन, नई लाइटिंग, टेक्नोलॉजी और केबिन कम्फर्ट पर रहने की संभावना है।
नई थार में नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स भी दिए जा सकते हैं। ज्यादातर वेरिएंट में व्हील साइज पहले जैसा रह सकता है, लेकिन नए अलॉय डिजाइन से SUV के साइड प्रोफाइल को फ्रेश लुक मिलने की उम्मीद है। लाइटिंग सेटअप में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। नई थार में Thar Roxx से प्रेरित LED हेडलैंप, अपडेटेड डे-टाइम रनिंग लैंप और नए डिजाइन के टेललैंप दिए जाने की उम्मीद है। इससे तीन-दरवाजों वाली थार को महिंद्रा की नई SUV डिजाइन लैंग्वेज के करीब लाया जा सकता है।
नई थार में पहली बार कई ऐसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है, जो रोजमर्रा की ड्राइविंग को ज्यादा सुविधाजनक बनाएंगे। इनमें 360-डिग्री कैमरा, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल हो सकते हैं। खास तौर पर 360-डिग्री कैमरा शहरों में पार्किंग और तंग जगहों पर SUV को आसानी से चलाने में मदद कर सकता है। केबिन को भी पहले से ज्यादा प्रीमियम बनाने की तैयारी है। नई थार में लेदरेट अपहोल्स्ट्री और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें मिलने की उम्मीद है। सीटों की बोल्स्टरिंग में भी बदलाव किया जा सकता है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ज्यादा आराम मिल सके। फिलहाल नई थार के इंजन और मैकेनिकल पैकेज में बड़े बदलाव की उम्मीद कम है।
