नई दिल्ली : Hyundai अपनी लोकप्रिय प्रीमियम हैचबैक i20 की नई जनरेशन पर काम कर रही है। कंपनी ने हाल ही में नए टीजर जारी कर इसके केबिन और फीचर्स की झलक दिखाई है। नई Hyundai i20 में पहले से ज्यादा आधुनिक डिजाइन, बड़ा डिजिटल डिस्प्ले और कई एडवांस टेक्नोलॉजी फीचर्स देखने को मिलेंगे। भारत में इस कार की लॉन्चिंग 2027 की शुरुआत में होने की उम्मीद है।
नई Hyundai i20 में 12.3 इंच का बड़ा इंटीग्रेटेड डिस्प्ले मिलेगा, जो डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट सिस्टम दोनों का काम करेगा। यह सेटअप Hyundai की नई ग्लोबल कारों जैसा होगा और केबिन को प्रीमियम लुक देगा। इस सिस्टम में Bluelink कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay सपोर्ट के साथ रिवर्स कैमरा डिस्प्ले जैसी सुविधाएं मिलेंगी। नई i20 में फिजिकल बटन की जगह टच-सेंसिटिव क्लाइमेट कंट्रोल पैनल दिया जाएगा। यही तकनीक हाल ही में लॉन्च हुई Hyundai Venue और Verna में भी देखने को मिली है। इससे कार का डैशबोर्ड और ज्यादा आधुनिक नजर आएगा। नई जनरेशन Hyundai i20 का लुक मौजूदा मॉडल से काफी अलग होगा। कार में फ्रंट और रियर दोनों तरफ कनेक्टेड LED लाइटिंग दी जाएगी।
फ्रंट में Y-शेप LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs), डुअल-पॉड प्रोजेक्टर LED हेडलैंप और फुल-विड्थ LED लाइट बार देखने को मिलेगी। डिजाइन काफी हद तक Hyundai Verna और कुछ प्रीमियम यूरोपीय कारों से प्रेरित नजर आता है। कार के पीछे नए C-शेप LED टेललैंप दिए जाएंगे, जिन्हें एक LED लाइट बार आपस में जोड़ेगी। टेलगेट पर Hyundai का एल्यूमिनियम-फिनिश लोगो और नया डिजाइन एलिमेंट इसे अधिक आकर्षक बनाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक नई Hyundai i20 मौजूदा मॉडल के मुकाबले आकार में थोड़ी बड़ी होगी। इससे केबिन स्पेस और आराम में सुधार देखने को मिल सकता है।
इंडियन मार्केट के लिए नई Hyundai i20 में मौजूदा 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन को जारी रखा जा सकता है। वहीं N Line वेरिएंट में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है। हालांकि कंपनी ने अभी आधिकारिक तौर पर इंजन विकल्पों की पुष्टि नहीं की है। इंडिया में लॉन्च होने के बाद नई Hyundai i20 का मुकाबला Maruti Suzuki Baleno, Toyota Glanza और Tata Altroz जैसी प्रीमियम हैचबैक कारों से होगा।
