नई दिल्ली : Audi Q7 का तीसरी पीढ़ी वाला मॉडल आधिकारिक तौर पर दुनिया के सामने आ गया है। करीब 11 साल बाद पूरी तरह नए अवतार में आई यह SUV अब पहले से ज्यादा दमदार डिजाइन, हाई-टेक फीचर्स और कई सीटिंग विकल्पों के साथ पेश की गई है। यह मॉडल BMW X5 और Mercedes-Benz GLE जैसी प्रीमियम SUVs को टक्कर देगा।
नई Q7 की सबसे बड़ी खासियत इसका 6-सीटर लेआउट है, जिसमें दूसरी पंक्ति में कैप्टन सीट्स मिलती हैं। इसके अलावा 5-सीटर और 7-सीटर विकल्प भी उपलब्ध होंगे, जिससे ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से विकल्प चुनने की आजादी मिलेगी। नई Audi Q7 का डिजाइन पूरी तरह बदल गया है। सामने की ओर स्प्लिट हेडलाइट्स, पिक्सेल LED DRLs, बड़ी सिंगल-फ्रेम ग्रिल और हनीकॉम्ब पैटर्न वाला एयर डैम इसे बेहद आक्रामक लुक देते हैं। SUV का साइड प्रोफाइल भी पहले से ज्यादा मजबूत और मस्कुलर दिखाई देता है। कंपनी ने इसमें 20 इंच के अलॉय व्हील्स स्टैंडर्ड दिए हैं, जबकि ग्राहक 23 इंच तक के व्हील्स का विकल्प भी चुन सकते हैं।
नई Q7 का इंटीरियर पूरी तरह डिजिटल और प्रीमियम बनाया गया है। डैशबोर्ड पर तीन स्क्रीन वाला सेटअप दिया गया है, जिसमें ड्राइवर-केंद्रित इंफोटेनमेंट डिस्प्ले प्रमुख आकर्षण है। SUV में नया 4-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, लकड़ी और लेदर फिनिश, ड्यूल वायरलेस चार्जिंग पैड, 360-डिग्री कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और ड्राइव मोड कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं। पैनोमिक सनरूफ, 22-स्पीकर Bang & Olufsen 4D साउंड सिस्टम, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक सीट्स और एडवांस्ड ADAS सेफ्टी पैकेज भी शामिल है।
7-सीटर संस्करण में तीनों पंक्ति के साथ 581 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जबकि 5-सीटर मॉडल में यह बढ़कर 670 लीटर हो जाता है। सीटें फोल्ड करने पर लगेज क्षमता लगभग 2,000 लीटर तक पहुंच जाती है। नई Q7 में 2.9-लीटर ट्विन-टर्बो पेट्रोल V6 और 3.0-लीटर माइल्ड-हाइब्रिड डीजल V6 इंजन का विकल्प मिलेगा। पेट्रोल इंजन 429 हॉर्सपावर और 599Nm टॉर्क पैदा करता है तथा SUV को केवल 4.8 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार तक पहुंचा सकता है। यह SUV केवल 3.7 सेकंड में 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।
यूरोप में नई Audi Q7 की बुकिंग जून 2026 से शुरू होगी और डिलीवरी सितंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। डीजल मॉडल की शुरुआती कीमत लगभग 87,900 यूरो (करीब 96.9 लाख रुपये) रखी गई है। कंपनी ने अभी पेट्रोल वेरिएंट की कीमतों का खुलासा नहीं किया है। भारत में भी इस नई Q7 के आने की उम्मीद है, हालांकि लॉन्च टाइमलाइन को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
