नई कार खरीदने का गोल्डन चांस, Maruti ने 14 जून तक बढ़ाई बचत की गारंटी
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने एंट्री-लेवल कार खरीदारों को बड़ी राहत दी है। कंपनी ने Alto K10, WagonR, Celerio और S-Presso पर विशेष प्राइस प्रोटेक्शन स्कीम शुरू की है। इस योजना के तहत 14 जून 2026 तक बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को हालिया कीमत बढ़ोतरी का असर नहीं झेलना पड़ेगा, भले ही उनकी कार की डिलीवरी बाद में हो।
मारुति सुजुकी ने हाल ही में बढ़ती लागत और महंगाई के दबाव के कारण अपनी कारों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। हालांकि अब कंपनी ने छोटे कार खरीदारों को राहत देते हुए इन चार लोकप्रिय मॉडल्स को अस्थायी तौर पर इस बढ़ोतरी से बचाने का फैसला किया है।
कंपनी का मानना है कि पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों के लिए हर हजार रुपये की बचत अहम होती है। ऐसे में अचानक कीमत बढ़ने से उनके बजट पर असर पड़ता है। इसी वजह से डीलर नेटवर्क से मिले फीडबैक के बाद यह फैसला लिया गया। मारुति के अनुसार, लंबे समय की सुस्ती के बाद देश में स्मॉल कार सेगमेंट फिर से रफ्तार पकड़ रहा है। Alto K10 और WagonR जैसी कारें आज भी लाखों भारतीय परिवारों के लिए पहली कार के सपने को पूरा कर रही हैं। खासकर दोपहिया वाहन से चारपहिया वाहन की ओर बढ़ने वाले ग्राहकों के बीच इनकी मांग बनी हुई है।
कंपनी ने केवल प्राइस प्रोटेक्शन ही नहीं, बल्कि ‘सुहाना सफर‘ नाम से एक नया फाइनेंसिंग प्रोग्राम भी शुरू किया है। इस योजना के तहत ग्राहक हर महीने संभावित EMI के बराबर रकम रिकरिंग डिपॉजिट (RD) में जमा करेंगे। तीन से छह महीने बाद जमा हुई राशि को डाउन पेमेंट के रूप में इस्तेमाल कर उसी बैंक से कार लोन लिया जा सकेगा। मारुति का यह कदम ऐसे समय आया है जब भारतीय बाजार में SUV का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद कंपनी एंट्री-लेवल हैचबैक सेगमेंट को मजबूत बनाए रखने और नए ग्राहकों को आकर्षित करने की रणनीति पर काम कर रही है।
