Tata की कार-SUV खरीदना होगा महंगा, 1 सितंबर से 25 हजार रुपये तक बढ़ेंगे दाम

Tata की कार-SUV खरीदना होगा महंगा, 1 सितंबर से 25 हजार रुपये तक बढ़ेंगे दाम

नई दिल्ली। अगर आप Tata Motors की नई कार या SUV खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो अब आपको ज्यादा बजट रखना होगा। Tata Motors पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) 1 सितंबर 2026 से अपनी कारों और SUV की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। कीमतों में यह इजाफा पेट्रोल-डीजल यानी ICE मॉडल के साथ इलेक्ट्रिक कारों (EV) पर भी लागू होगा।

कंपनी के मुताबिक, अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट पर कीमत बढ़ने की रकम अलग होगी। कार की कीमत में 25,000 रुपये की सीधी बढ़ोतरी नहीं होगी। यह कंपनी का 2026 में तीसरा कीमत बढ़ाने का फैसला है। Tata Motors ने कीमत बढ़ाने के पीछे इनपुट कॉस्ट में लगातार बढ़ोतरी और महंगाई का दबाव बताया है। कंपनी का कहना है कि वह लागत बढ़ने का बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही है, लेकिन बढ़ी लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है।

कंपनी ने यह भी कहा कि अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट में कीमतों में बदलाव इस तरह किया जाएगा कि हर वाहन की कीमत के मुकाबले मिलने वाली सुविधाओं और वैल्यू का संतुलन बना रहे। Tata Motors ने 2026 में इससे पहले भी दो बार कीमतें बढ़ाई हैं। अप्रैल में कंपनी ने ICE कारों की कीमतों में औसतन 0.5 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद जुलाई में ICE और EV दोनों पैसेंजर वाहनों की कीमतों में 1.5 फीसदी तक का इजाफा किया गया था। अब सितंबर में एक बार फिर कीमतें बढ़ने से टाटा की कारें और SUV खरीदने वाले ग्राहकों का बजट प्रभावित होगा।

कीमत बढ़ोतरी सिर्फ पेट्रोल-डीजल वाहनों तक सीमित नहीं है। Tata की इलेक्ट्रिक कारें भी महंगी होंगी। EV खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को भी 1 सितंबर से पहले खरीदारी करने पर मौजूदा कीमत का फायदा मिल सकता है। अगर कोई ग्राहक टाटा की कार खरीदने की योजना बना रहा है तो 1 सितंबर से पहले बुकिंग या खरीदारी करने पर संभावित कीमत बढ़ोतरी से बचने का मौका मिल सकता है। हालांकि अंतिम कीमत मॉडल, वेरिएंट और खरीद की शर्तों पर निर्भर करेगी।