5,000 रुपये में कर सकते हैं बुकिंग
Honda Motorcycle & Scooter India ने भारतीय बाजार में एक साथ कई बड़े ऐलान किए हैं। कंपनी ने QC3 इलेक्ट्रिक स्कूटर, CB500 मोटरसाइकिल और अपडेटेड CB350 रेंज की कीमतों का खुलासा कर दिया है। कंपनी ने कुल पांच प्रोडक्ट्स के लिए बुकिंग भी शुरू कर दी है। ग्राहक इन्हें ₹5,000 की शुरुआती बुकिंग राशि में बुक कर सकते हैं। Honda QC3 कंपनी का नया इलेक्ट्रिक स्कूटर है। इसकी कीमत ₹1.35 लाख (एक्स-शोरूम, दिल्ली) रखी गई है। शुरुआत में इसकी बिक्री दिल्ली, आगरा, कटक, सूरत और कोल्लम में चुनिंदा Honda RedWing डीलरशिप के जरिए होगी।
QC3 में 3.0 kWh की बैटरी दी गई है। कंपनी के मुताबिक यह इलेक्ट्रिक स्कूटर 145 किलोमीटर की प्रमाणित IDC रेंज देने में सक्षम है। इसमें 32 लीटर का स्टोरेज स्पेस भी मिलता है। Honda ने नई CB500 की शुरुआती कीमत ₹2.75 लाख (एक्स-शोरूम, बेंगलुरु) रखी है। यह कीमत अलॉय-व्हील वेरिएंट की है। इसके स्पोक ट्यूबलेस वेरिएंट की कीमत 2.99 लाख रुपये, जबकि स्पोक ट्यूबलेस विद स्ट्राइप वेरिएंट की कीमत 3.02 लाख रुपये है। CB500 का निर्माण भारत में किया जाएगा। इसकी बिक्री देशभर में Honda BigWing डीलरशिप के जरिए होगी।
CB500 में 501cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन दिया गया है। इसमें ऑयल कूलर भी मिलता है। बाइक में Honda Selectable Torque Control, Honda RoadSync, असिस्ट और स्लिपर क्लच तथा डुअल-चैनल ABS जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
Honda ने अपनी लोकप्रिय CB350, CB350RS और CB350C रेंज को भी अपडेट किया है। इनकी शुरुआती कीमत ₹1.95 लाख (एक्स-शोरूम, बेंगलुरु) है। कंपनी ने इन बाइक्स में नए कलर ऑप्शन और ग्राफिक्स दिए हैं, जबकि मैकेनिकल सेटअप में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पूरी CB350 रेंज की कीमत ₹2.05 लाख तक जाती है। यह कीमत CB350C Special Edition की है। अपडेटेड मॉडल की डीलरशिप को डिस्पैच 21 सितंबर से शुरू हो चुका है।
Honda ने इन सभी पांचों प्रोडक्ट्स की बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक ₹5,000 की बुकिंग राशि देकर इन्हें Honda की वेबसाइट या अधिकृत डीलरशिप के जरिए बुक कर सकते हैं।
