इंडिया में EV बसों का बादशाह बना Olectra, दौड़ाईं 4,000 इलेक्ट्रिक बसें

इंडिया में EV बसों का बादशाह बना Olectra, दौड़ाईं 4,000 इलेक्ट्रिक बसें

हैदराबाद/शिमला। इंडिया में इलेक्ट्रिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट को नई रफ्तार मिल गई है। देश की प्रमुख इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कंपनी Olectra Greentech इंडिया की पहली ऐसी कंपनी बन गई है, जिसने देश की सड़कों पर 4,000 इलेक्ट्रिक बसें उतार दी हैं। यह उपलब्धि सिर्फ कंपनी के लिए ही नहीं, बल्कि भारत के ग्रीन ट्रांसपोर्ट मिशन के लिए भी एक बड़ा मील का पत्थर मानी जा रही है। खास बात यह है कि इन बसों ने अब तक 73 करोड़ (730 मिलियन) से ज्यादा ग्रीन किलोमीटर का सफर तय किया है और 6.5 लाख टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) उत्सर्जन को रोकने में अहम भूमिका निभाई है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न हिमाचल प्रदेश में मनाया गया, जहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की मौजूदगी में Olectra की 4,000वीं इलेक्ट्रिक बस सरकार को सौंपी गई। इसी दौरान हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। Olectra की इलेक्ट्रिक बसें आज देश के कई राज्यों और बड़े शहरों में लाखों यात्रियों को रोजाना सुरक्षित, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त सफर उपलब्ध करा रही हैं। कंपनी का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों ने न केवल परिचालन लागत कम की है, बल्कि सार्वजनिक परिवहन को अधिक टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में भी बड़ी भूमिका निभाई है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक महेश बाबू ने कहा कि 4,000 इलेक्ट्रिक बसों का आंकड़ा पार करना केवल Olectra की सफलता नहीं, बल्कि पूरे भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि देशभर के राज्य परिवहन निगमों का बढ़ता भरोसा इस बात का प्रमाण है कि इलेक्ट्रिक बसें अब भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की जरूरत बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को 4,000वीं बस सौंपना और HRTC के लिए 297 नई बसों की शुरुआत इस उपलब्धि को और खास बनाती है। यह सफलता ग्राहकों, कर्मचारियों, साझेदारों और सभी हितधारकों के सहयोग का परिणाम है।

कंपनी के अनुसार उसके पास मजबूत ऑर्डर बुक, अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर निष्पादन क्षमता है, जिससे आने वाले समय में देशभर में इलेक्ट्रिक बसों का नेटवर्क और तेजी से बढ़ेगा। Olectra का लक्ष्य भारत में स्वच्छ, किफायती और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।