टोल प्लाजा के 20 किमी के दायरे में रहते हैं? 350 रुपये में मिलेगा मासिक FASTag पास

टोल प्लाजा के 20 किमी के दायरे में रहते हैं? 350 रुपये में मिलेगा मासिक FASTag पास

नई दिल्ली। टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले कार मालिकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उन्हें FASTag मासिक लोकल पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) जल्द ही RajmargYatra मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे मासिक लोकल पास जारी करने की सुविधा शुरू करने जा रहा है।

इस नई व्यवस्था की शुरुआत अगले 7 से 10 दिनों में दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) स्थित मुंडका टोल प्लाजा से होगी। इसके बाद यह सुविधा द्वारका एक्सप्रेसवे के बिजवासन टोल प्लाजा, फिर पूरे NCR और धीरे-धीरे देशभर के टोल प्लाजा पर लागू की जाएगी। इस लोकल पास की कीमत संबंधित टोल प्लाजा के अनुसार 340 से 350 रुपये के बीच होगी। पास बनवाने के लिए वाहन मालिक को RajmargYatra ऐप पर आधार कार्ड और वाहन की जानकारी अपलोड करनी होगी।

इसके बाद मोबाइल पर OTP आएगा और सिस्टम अपने आप आधार व वाहन का सत्यापन करेगा। यदि आवेदनकर्ता का पता और वाहन का पंजीकरण टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में पाया जाता है, तो मासिक लोकल पास तुरंत जारी कर दिया जाएगा। NHAI के अधिकारियों के अनुसार, एक बार पास बनने के बाद उसका रिन्यूअल भी ऐप के जरिए किया जा सकेगा। हालांकि, जो लोग चाहें वे पहले की तरह टोल प्लाजा जाकर भी पास बनवा सकेंगे। नई डिजिटल व्यवस्था से टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों और दस्तावेज़ों के सत्यापन की परेशानी खत्म होगी। इससे स्थानीय वाहन चालकों का समय भी बचेगा और पूरी प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगी।