• Harley-Davidson का नए मॉडल और बेहतर सर्विस का रोडमैप तैयार
• 50 हजार से ज्यादा X रेंज की बाइक बिकीं, Harley-Davidson की देश भर में खुलेंगी नई डीलरशिप
• भारत में 3,000 से ज्यादा Harley राइडर्स, कंपनी बनाएगी बड़ा राइडिंग नेटवर्क
152 Hero PREMIA आउटलेट से बिकेंगी Harley-Davidson X बाइक, कारोबार बढ़ाने की तैयारी
अमेरिकी प्रीमियम मोटरसाइकिल ब्रांड Harley-Davidson ने भारत में अपने 17 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर कंपनी ने Hero MotoCorp के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का ऐलान किया है। दोनों कंपनियां मिलकर भारत में Harley-Davidson की मौजूदगी बढ़ाने और प्रीमियम मोटरसाइकिल बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए ‘Mission: The Big RIDE’ शुरू करेंगी। इसके तहत ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने, डीलर नेटवर्क का विस्तार करने, नए मॉडल पेश करने और बाइक राइडिंग कम्युनिटी को मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।
इस रणनीति में कंपनी का लक्ष्य सिर्फ मोटरसाइकिलों की बिक्री बढ़ाना नहीं, बल्कि भारत में Harley-Davidson ब्रांड के प्रति लोगों का जुड़ाव और अनुभव भी बेहतर करना है। कंपनी के ग्लोबल प्रेसिडेंट एवं CEO Artie Starrs और Hero MotoCorp के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. पवन मुंजाल ने इस दिशा में अपनी प्रतिबद्धता जताई है।
भारत में Harley-Davidson का कारोबार लगातार विस्तार कर रहा है। कंपनी के मुताबिक, 2010 में डीलरशिप कारोबार शुरू करने के बाद से अब तक भारत में उसकी कुल ग्राहक संख्या 80,000 मोटरसाइकिलों को पार कर चुकी है। इसमें Harley-Davidson X रेंज की अहम भूमिका रही है। Hero MotoCorp के साथ मिलकर विकसित की गई इस रेंज ने 2023 में लॉन्च होने के बाद से 50,000 से अधिक यूनिट का योगदान दिया है।
कंपनी अपने रिटेल नेटवर्क को भी मजबूत करने जा रही है। रणनीतिक साझेदारी के तहत रायपुर और इंदौर में दो नई फुल-लाइन डीलरशिप खोली जाएंगी। इसके बाद देश में Harley-Davidson की फुल-लाइन डीलरशिप की संख्या बढ़कर 23 हो जाएगी। वहीं, Hero PREMIA के जरिए Harley-Davidson X मोटरसाइकिलों की बिक्री को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। Hero PREMIA के देशभर में 152 आउटलेट हो चुके हैं।
Harley-Davidson भारत में अपने ग्लोबल प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को मजबूत बनाए रखेगी। इसमें Custom Vehicle Operations, Touring, Cruisers (Softail), Adventure Touring और Sport श्रेणियों की मोटरसाइकिलें शामिल हैं। कंपनी अपनी X रेंज के तहत भी नए मॉडल पेश करती रहेगी।
Harley-Davidson की पहचान उसकी राइडिंग कम्युनिटी से भी जुड़ी है। भारत में Harley Owners Group (H.O.G.) के 3,000 से अधिक सदस्य हैं। यह एशिया के उभरते बाजारों में सबसे बड़ा H.O.G. नेटवर्क है।
कंपनी मार्च 2027 तक कई राइडिंग इवेंट आयोजित करेगी। इनमें Northern और Eastern H.O.G. Rides, India Bike Week, Flat Track Racing, Harley Rock Riders, Custom Build-Off, India H.O.G. Rally और Destination X शामिल हैं। 27 और 28 नवंबर 2026 को थाईलैंड में आयोजित होने वाले Asia Harley Days में भारत के 100 से अधिक राइडर्स हिस्सा लेंगे।
