Apple Mac की डेस्क बनेगी स्मार्ट, BenQ के चार नए एक्सेसरीज बाजार में
माउस से लेकर मॉनिटर आर्म तक, BenQ के नए INFTYLAB प्रोडक्ट्स की एंट्री
9999 रुपये का खास माउस, Mac के जेस्चर भी चलेंगे और हाथों को मिलेगा आराम
मॉनिटर को एडजस्ट करना होगा आसान, BenQ का Studio Arm लॉन्च
24,990 रुपये का Studio Arm, Apple डिस्प्ले को देगा नया अंदाज
Apple Mac इस्तेमाल करने वालों के लिए BenQ ने भारत में नया ब्रांड INFTYLAB लॉन्च किया है। इसके तहत कंपनी ने चार खास डेस्कटॉप एक्सेसरीज पेश की हैं। इनमें Studio Arm मॉनिटर आर्म, VESA Adapter, M Mouse एर्गोनॉमिक माउस और Flow Desk Mat शामिल हैं। इन सभी प्रोडक्ट को खास तौर पर Mac इकोसिस्टम को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इनका उद्देश्य डेस्क को ज्यादा व्यवस्थित, आरामदायक और प्रोडक्टिव बनाना है।
INFTYLAB की खास बात यह है कि इसके प्रोडक्ट सामान्य कंप्यूटर एक्सेसरीज से अलग Mac यूजर्स की जरूरतों के हिसाब से तैयार किए गए हैं। कंपनी के प्रोडक्ट डिजाइन और यूजर एक्सपीरियंस रिसर्च टीम ने इन्हें विकसित किया है। BenQ का मानना है कि Mac का डिस्प्ले और सॉफ्टवेयर तो बेहतरीन अनुभव देते हैं, लेकिन डेस्क पर इस्तेमाल होने वाली दूसरी एक्सेसरीज में वैसा तालमेल नहीं मिलता। नया ब्रांड इसी कमी को दूर करने की कोशिश करेगा।
INFTYLAB के Studio Arm AM01 और AM02 को Apple Studio Display, Studio Display XDR और iMac के लिए तैयार किया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत फैक्ट्री-कैलिब्रेटेड मैकेनिज्म है। इसमें यूजर को मॉनिटर के वजन के हिसाब से स्प्रिंग और काउंटरवेट की मैनुअल सेटिंग नहीं करनी होगी। सिर्फ डायल घुमाकर संबंधित डिस्प्ले मॉडल चुनने से आर्म अपने आप संतुलित हो जाएगा। इसमें केबल मैनेजमेंट की सुविधा भी दी गई है।
VESA Adapter SCS01F Apple के ओरिजिनल डिस्प्ले स्टैंड में सीधे फिट हो जाता है। इससे स्टैंड हटाए बिना VESA माउंटिंग का विकल्प मिल जाता है। यह Studio Display, Studio Display XDR और iMac के साथ काम करने के लिए डिजाइन किया गया है।
M Mouse को खास तौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है, जो Apple Magic Mouse या ट्रैकपैड के जेस्चर इस्तेमाल करते हैं। INFTYLAB Glide सॉफ्टवेयर की मदद से इसमें स्मूद स्क्रॉलिंग, Mission Control, App Switching और डेस्कटॉप बदलने जैसे फीचर मिलते हैं। इसका वजन सिर्फ 85 ग्राम है।
चौथा प्रोडक्ट Flow Desk Mat है। इसमें लेदर जैसी टेक्सचर वाली सतह दी गई है। साथ ही केबल मैनेजमेंट चैनल भी मिलते हैं, जिससे डेस्क पर तारों को व्यवस्थित रखना आसान होगा।
भारत में M Mouse की कीमत 9,999 रुपये और Flow Desk Mat की कीमत 3,490 रुपये है। Studio Arm की कीमत 24,990 रुपये और VESA Adapter की कीमत 5,990 रुपये रखी गई है। M Mouse और Flow Desk Mat Amazon तथा BenQ India की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। वहीं Studio Arm और VESA Adapter दिसंबर 2026 के मध्य से लेकर आखिरी सप्ताह तक बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।
